लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आखिरकार आज हो ही गया। इसे आगामी चुनाव को देखते हुए जातिगत समीकरण को साधने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे का कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल विस्तार के तहत मंगलवार शाम को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने चार नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
मंत्री पद की शपथ लेने वालों में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, भाजपा विधान परिषद सदस्य दारा सिंह चौहान, राष्ट्रीय लोकदल के विधायक अनिल कुमार और साहिबाबाद से भाजपा के विधायक सुनील शर्मा ने मंत्री पद शामिल रहे।
इन नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण करते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बधाई देते हुए यह कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई! पूर्ण विश्वास है कि आप सभी 'मोदी की गारंटी' को धरातल पर उतारते हुए 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलमय शुभकामनाएं!
योगी के इस बधाई संदेश के जवाब में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की कर रहा है। आज उनके नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हम 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए काम करेंगे और प्रदेश की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।
बता दें कि राजभर योगी के पहले कार्यकाल में भी कैबिनेट मंत्री बनाए गए थे। पर सीएम से कई बातों पर अनबन के चलते उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राज्य के विधानसभा चुनाव में उन्होंने विपक्षी पार्टी सपा के साथ गठजोड़ करते हुए चुनावी सभाओं में योगी आदित्यनाथ पर तीखे जुबानी हमले बोले थे।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.