फोन चोरी हो गया तो तुरंत करें ये काम, वर्ना देखते ही देखते बैंक खाता हो जाएगा खाली


हाल ही में बदमाशों ने एक व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन छीन कर कुछ ही मिनटों में उसके यूपीआई से 42,000 रुपये निकाल लिए. फोन खोने या चोरी या छीने जाने की घटना किसी के भी साथ हो सकती है. इसलिए हम आपको आज कुछ ऐसे उपाय बताने जा रहे हैं, जिन्‍हें अपना कर आप अपने बैंक अकाउंट या यूपीआई से पैसे निकाले जाने के नुकसान से बच सकते हैं. 

इन बातों का हमेशा रखें ध्‍यान 


पासवर्ड न करें सेव : अकाउंट या यूपीआई से पैसे निकाले जाने की धोखाधड़ी से बचने के लिए पहली और सबसे जरूरी बात यह है कि मोबाइल फोन में कभी भी पासवर्ड सेव नहीं करना चाहिए. ऐसे सभी ऐप्स,  जिनमें आपका कोई फाइनेंशियल डेटा हो, उन्हें  हमेशा पासवर्ड से लॉक करके रखना चाहिए. इसके अलावा अपने नेट बैंकिंग के पासवर्ड को अपने मोबाइल में या गूगल अकाउंट पर सेव करने से बचना चाहिए 



वित्तीय ऐप को दें दोहरे पासवर्ड की सुरक्षा : वित्तीय डेटा वाले एप्स को पासवर्ड के माध्यम से दोहरी सुरक्षा दी जानी चाहिए. पहला मोबाइल पासवर्ड है जो किसी अजनबी को मोबाइल फोन एप्लिकेशन में प्रवेश करने से रोकता है और दूसरा पासवर्ड उन्हें लेनदेन करने से रोकता है.


यूपीआई को तुरंत करा दें ब्लॉक : यदि आपका मोबाइल फोन खो जाता है, तो आपको जल्‍द से जल्‍द ग्राहक सेवा पर कॉल करके अपना बैंक अकाउंट व यूपीआई खाते को ब्लॉक करवा देना चाहिए. इस काम में कतई देरी न करें. यह काम आप किसी अन्य फोन से कॉल करके कर सकते हैं.


ज्यादा फाइनेंशियल ऐप्स यूज करने से बचें : वित्तीय लेनदेन के लिए एक से अधिक UPI ऐप का उपयोग करने का कोई फायदा नहीं है. केवल एक ऐप रखना ठीक है. बेहतर यह होगा कि छोटी-मोटी वित्तीय जरूरतों के लिए मोबाइल वॉलेट में थोड़ा पैसा, जैसे कि 10,000 रुपये रख कर उसी से  लेनदेन करें. ऐसा करने पर यदि आपके मोबाइल फोन या यूपीआई ऐप से छेड़छाड़ की जाती है, तो आपको कम नुकसान होगा.


सर्वोत्तम सुरक्षा वाले ऐप को चुनें: आज ग्राहकों के लिए कई तरह के UPI ऐप्स उपलब्‍ध  हैं.  इनमें से कुछ ऐप बहुत सुरक्षित नहीं हैं और समय-समय पर आरबीआई उन पर कार्रवाई करता रहा है. उदाहरण के लिए कई प्रकार की चिंताओं के कारण बैंक ऑफ बड़ौदा का वर्तमान में अपने ऐप 'बॉब वर्ल्ड' पर अन्य ग्राहकों को शामिल करने से रोका गया है. और जब तक इन चिंताओं का समाधान नहीं हो जाता, बैंक को अपने ऐप पर नए ग्राहकों को जोड़ने से मना किया गया है. इससे स्‍पष्‍ट है कि UPI लेनदेन के लिए सर्वोत्तम ऐप को चुनना महत्वपूर्ण है. इन ऐप्स को चुनने से पहले उनके सिक्‍योरिटी फीचर्स की जांच कर लेनी चाहिए. 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ