आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में एनडीए की सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय हो गया है। गठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सहमति बन गई है। बिहार एनडीए में कुल पांच दलों में से बीजेपी को 17, जेडीयू 16, चिराग की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 5, उपेंद्र कुशवाहा 1 और जीतन राम मांझी को 1 सीट मिली है।
दिल्ली में सोमवार को सीट बंटवारे को लेकर अंतिम दौर की बातचीत हुई। एनडीए की बैठक में जेडीयू की तरफ से उमेश कुशवाहा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी, चिराग पासवान की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी मौजूद रहे।
बिहार एनडीए में सीट शेयरिंग का जो फॉर्मूला तय हुआ है, उसके मुताबिक बिहार में बीजेपी बड़े भाई की भूमिका में होगी। पिछले लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था. पिछली बार के मुकाबले जेडीयू की एक सीट कम की गई है।
पशुपति कुमार पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोजपा को नुकसान उठाना पड़ा है। NLJP को लोकसभा की एक भी सीट नहीं मिली है। बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव सात चरणों में होंगे. बिहार में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को राज्य में चुनाव होंगे। परिणाम की घोषणा चार जून को मतगणना के साथ होगी. राज्य की अगिआंव (भोजपुर) विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव एक जून को होगा।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.