भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रत्याशियों की अपनी तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में बीजेपी ने कुल 9 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। ये सभी प्रत्याशी तमिलनाडु से हैं।
बीजेपी की इस लिस्ट में शामिल सबसे चर्चित नाम तेलंगाना के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने वाली तमिलिसाई सौंदर्यराजन का है। डॉ सौंदर्यराजन को चेन्नई साउथ से भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया है। राज्यपाल के पद से त्यागपत्र देने के एक दिन बाद सौंदर्यराजन बुधवार को बीजेपी में शामिल हुई थीं।
उन्होंने 2019 में बीजेपी से इस्तीफा देकर तेलंगाना के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्हें 2021 में पुडुचेरी की उप राज्यपाल नियुक्त किया गया था। सौंदर्यराजन (62) स्त्रीरोग विशेषज्ञ हैं और दो दशक से भी पहले भाजपा में शामिल हुई थीं।
इसके अलावा बीजेपी ने इस लिस्ट में चेन्नई सेंट्रल से विनोज पी सेल्वम, वल्लौर से एसी शनमुगम, नीलगिरी से डॉ एल मुरुगन, कोयंबटूर से के अन्नामलाई, कृष्णागिरी से सी. नरसिम्हन, कन्याकुमारी से पोन. राधाकृष्णनन, पेरमबलूर से टीआर पैरीवेंदर और तिरुनेलवेली से नैनार नागेंद्रन के नाम का ऐलान किया है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.