भाजपा, सपा, कांग्रेस और टीएमसी द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करने के साथ ही चुनावी सियासत का पारा चढ़ने लगा है। इसके साथ ही चुनावी नारों के जोश ने भी उफान मारना शुरू कर दिया है।
कुछ ऐसे ही जोशीले नारों की गर्मी आज यूपी में कांग्रेस की परंपरागत सीट अमेठी में देखने को मिली, जहां के पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से वायनाड के साथ-साथ अमेठी से भी चुनाव लड़ने की गुहार लगाई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राहुल गांधी से अमेठी की सीट को न छोड़ने की मांग करते हुए उनसे अबकी लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से यहां से पर्चा भरने की गुजारिश करते हुए भरोसा दिलाया है कि वे पिछली बार हुई गलतियों से सबक ले चुके हैं और इस बार राहुल गांधी को अमेठी से जिताने के लिए जान की बाजी लगाने को तैयार हैं।
राहुल गांधी के वायनाड से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अमेठी में कांग्रेस से जुड़े अलग-अलग नेताओं ने विभिन्न नारे लिखे पोस्टर लगाकर राहुल गांधी को यहां से चुनाव लड़ने की अपील की है।
अमेठी में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह द्वारा एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें लिखा है लेंगे बदला देंगे खून भैया बिना अमेठी सून। उन्होंने बताया कि इसका मतलब है कि अपने नेता से राहुल गांधी जी के लिए खून देने के लिए भी तैयार हैं।
इसके साथ ही केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय के पास यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह पंकज और फिरोज आलम ने होर्डिंग लगवाई है। होर्डिंग में लिखा हुआ है अमेठी पुकारती राहुल गांधी जी आइए। वहीं कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने ऐसी ही अपील करते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि राहुल गांधी हम भी इंतजार में हैं।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.