उत्तर प्रदेश के कानपुर में आयकर विभाग ने एक गुटखा कारोबारी के घर पर छापा मारा, तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं. छापे में विभाग को नकदी तो 4.5 करोड़ ही मिली, पर बेशकीमती सुपर लग्जरी कारों का जो काफिला मिला वह हैरान कर देने वाला था.
आयकर विभाग ने बंशीधर तंबाकू कंपनी के कानपुर के साथ ही दिल्ली, मुंबई, गुजरात समेत 20 ठिकानों पर छापेमारी की तो कारोबारी के दिल्ली स्थित कोठी पर 60 करोड़ से ज्यादा की कारें बरामद हुईं. इनमें दुनिया की सबसे महंगी कार मानी जाने वाली रोल्स-रॉयस फैंटम भी शामिल है, जिसकी कीमत 16 करोड़ रुपये है.
बंसीधर तंबाकू प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक के आवास पर तलाशी में मैकलेरन, लेम्बोर्गिनी फेरारी, रोल्स-रॉयस शामिल हैं. इसके अलावा आईटी विभाग ने 4.5 करोड़ नकद भी जब्त किए हैं.
सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने अपना सालाना टर्नओवर 20 से 25 करोड़ दिखाया है, लेकिन असल में उसका सालाना कारोबार 100-150 करोड़ से भी ज्यादा का है. आईटी विभाग के सूत्रों के अनुसार कंपनी दस्तावेजों में दिखाई गई कंपनी को फर्जी चेक जारी कर रही थी लेकिन दूसरी ओर अन्य बड़े पान मसाला घरानों को उत्पाद की आपूर्ति कर रही थी.
सूत्रों के मुताबिक कंपनी 20 -25 करोड़ का टर्नओवर दिखाती थी जो असल में 100 से 150 करोड़ से ज्यादा होता है. करीब 80 साल से तंबाकू कारोबार से जुड़े कंपनी के मालिक के के मिश्रा उर्फ मुन्ना मिश्रा का नयागंज में पुराना ऑफिस और गद्दी है.
गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे आयकर विभाग के अधिकारी 6 गाड़ियों से पहुंचे और परिसर को अपने कब्जे में ले लिया. यहां मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी ले लिये गये. अधिकारियों ने कारोबारी के कानपुर और दिल्ली स्थित बंगले पर भी छापेमारी की.
कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में ले लिए गए. रियल एस्टेट, बेनामी संपत्तियों के अलावा नकदी की भी तलाश की जा रही है.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.