चीन नहीं, अब इस देश से दुनिया भर में फैल सकती है कोरोना की एक और लहर : जानिए WHO ने दी क्‍या चेतावनी



कोरोना की एक नई लहर फिर से दुनिया को दहला सकती है. इस बार यह वायरस चीन नहीं, बल्कि उसके पड़ोसी देश उत्‍तर कोरिया से फैलने की आशंका है, जहांइन दिनों कोरोना ने कोहराम मचा रखा है. 


विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने आगाह किया है कि उत्तर कोरिया जैसी जगहों से कोरोना का नया वैरिएंट पैदा हो सकता है. 


किम जोंग उन के शासन वाले उत्‍तर कोरिया में एक हफ्ते पहले ही कोरोना का पहला केस मिला है. उसके बाद से मरीजों की संख्या बेहद तेजी से बढ़ रही है. हालात काबू करने के लिए सेना को उतार दिया गया है. 


कुछ रिपोर्टों में इसे कोविड का नया वेरिएंट भी बताया गया है. उत्‍तर कोरिया में कोरोना का तेजी से फैलाव सिर्फ उसी के लिए चिंता का सबब नहीं है, पूरी दुनिया को भी मुश्किल में डाल सकता है. 



WHO के मुताबिक उत्‍तर कोरिया में गैर टीकाकरण वाले लोगों के बीच में कोरोना वायरस के संक्रमण के उच्च स्तर पर पहुंचने का खतरा बना हुआ है.


उत्तर कोरिया विश्व स्वास्थ्य संगठन का सदस्य है, लेकिन वह अपने पहले कोविड-19 के प्रकोप से ही निजात नहीं पा सका है. ऐसे में वहां वैक्सीन की कमी और इन्फ्रास्ट्रक्चर के अभाव में वहां कोरोना फैलने का खतरा बढ़ रहा है. 


विश्व स्वास्थ्य संगठन के निदेशक माइक रायन ने कहा कि अगर कोई देश उपलब्ध तरीकों का इस्तेमाल नहीं करता है तो निश्चित तौर पर यह एक चिंता की बात हो सकती है.


उन्होंने कहा कि जहां संक्रमण की जानकारी या जांच नहीं होती है, वहीं से नए वैरियंट के उभरने का सबसे ज्यादा खतरा होता है. गैर टीकाकरण वाले लोगों में वायरस का फैलना बहुत ज्यादा चिंता का विषय है.


WHO ने पहले कहा था कि प्योंगयांग ने अभी तक विश्व स्वास्थ्य संगठन के अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों के तहत प्रकोप के बारे में आधिकारिक तौर पर सूचित नहीं किया है. यह दायित्वों का साफ तौर पर उल्लंघन है. 


 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ