छोटी-मोटी बातों पर कहा-सुनी और तकरार तो हर पति-पत्नी में होती है, पर बेहद मामूली सी बात का झगड़ा अगर पुलिस के पास पहुंच जाए, तो हैरानी होती है. ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला यूपी की ताज नगरी आगरा में सामने आया है.
महज 30 रुपये की एक लिपस्टिक के चलते यहां पति-पत्नी के बीच झगड़ा इस कदर बढ़ा कि मामला थाना तक जा पहुंचा. इससे पुलिस हैरत में पड़ गई कि करें, तो क्या करें. इसके बाद पुलिस को पति-पत्नी के इस झगड़े को सुलझाने के लिए परिवार परामर्श केंद्र की मदद लेनी पड़ी.
मामला कुछ इस तरह है कि आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र की एक युवती की शादी दो साल पहले मथुरा निवासी युवक के साथ हुई थी. पति प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है. पत्नी का आरोप है कि उन्होंने एक रोज अपने पति को सस्ती लिपस्टिक लाने को कहा था, लेकिन वह महंगी लिपस्टिक ले आया. इसी वजह से दोनों में झगड़ा हो गया.
पत्नी का कहना है कि वह हाथ साधकर घर का खर्च चलाती है. उसे ज्यादा महंगे कॉस्मेटिक प्रोडक्ट की जरूरत नहीं है. हमेशा सस्ता सामान इस्तेमाल करती है. उसने पति से 10 रुपये की सस्ती सी लिपस्टिक मंगाई थी लेकिन वह 30 रुपये की लिपस्टिक ले आया.
पहले तो दोनों में महंगी लिपस्टिक लाने को लेकर झगड़ा हुआ, पर एक दिन इस झगड़े ने अलग ही रूप ले लिया. युवती ने आरोप लगाया है कि पति ने उसके साथ सिर्फ इस बात पर मारपीट कर दी कि उसके होठों पर लगी लिपस्टिक हट क्यों गई ? पति का कहना था कि रात में पत्नी ने उसके सामने अपने होठों पर लिपस्टिक लगाई, लेकिन सुबह उसके होठों पर लगी लिपस्टिक गायब थी. शादी को तीन महीने हुए हैं और पति को अपनी ही पत्नी पर शक है.
पति शहीद नगर का रहने वाला है जो सिकंदरा क्षेत्र में एक जूते की फैक्ट्री में काम करता है. तीन महीने पहले युवती से शादी हुई थी. शादी के बाद से सब कुछ सही चल रहा था. पति का कहना है कि प्रतिदिन की तरह वह फैक्ट्री से आया.
रात को सोते समय पत्नी ने उसके सामने अपने होठों पर लिपस्टिक लगाई थी लेकिन सुबह जब पत्नी को देखा तो होठों पर लगी लिपस्टिक गायब थी. पत्नी से इस बारे में उसने पूछा तो अलग-अलग तरह की बातें करने लगी, जिससे उसे पत्नी पर शक हो गया.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.