राजस्थान के सिरोही जिले से एक पुलिसकर्मी की बड़ी ही बेरहमी से हत्या की भयावह खबर सामने आई है। घटना स्वरूपगंज थाना क्षेत्र की है। शिवरात्रि पर लौटना क्षेत्र में लगे मेले में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे खत्म करने पहुंचे पुलिसकर्मी पर दोनों पक्षों ने मिलकर हमला बोल दिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब 12.30 बजे मेले में दो पक्षों के बीच झगड़ा होने की सूचना जब पुलिस को मिली तो मौके पर थाने का पुलिसकर्मी निरंजन पहुंचा, अन्य पुलिसकर्मी भी आ रहे थे, लेकिन उससे पहले कांस्टेबल निरंजन ने झगड़े को शांत करने के लिए दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात बनने के बजाय बिगड़ती चली गई और दोनों पक्षों ने मिलकर कांस्टेबल निरंजन को करीब 27 चाकू मारे और उसके बाद खून से लथपथ हालत में तड़पता हुआ छोड़कर वहां से फरार हो गए।
कुछ देर में निरंजन के साथी पुलिस वाले वहां पहुंचे और निरंजन को अस्पताल में भर्ती कराया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिल कुमार और पूरे जिले के तमाम बड़े पुलिसकर्मी मौके पर आ गए। पांच थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
इस खौफनाक वारदात के बाद से ही हत्या के आरोपी फरार हैं। शहर मं 10 पुलिस टीम में तैयार की गई है जो पूरे शहर में छापे मार रही हैं। शहर की सीमाएं सील कर दी गई है। मेले में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया है।
सुरक्षा के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी के साथ पुलिस आरोपियों को धर दबोचने के लिए चौकन्नी हो गई है। खुद एसपी से लेकर आरक्षक तक इन आरोपियों को पकड़ने के लिए कमर कस चुके हैं। जिले में हुई इस घटना से आमजन में भी आरोपियों के प्रति गुस्सा है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.