पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी राजनीतिक भविष्यवाणी की है। स्वामी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि 'मोदी मैजिक' जैसी कोई चीज है।
इन्होंने कहा कि 'मोदी मैजिक' एक बेकार की बात है, क्योंकि भाजपा-आरएसएस में व्यक्ति को महत्व नहीं दिया जाता है। यहां व्यक्ति की तुलना में संगठन और सिद्धांत को ज्यादा महत्व दिया जाता है। व्यक्ति विशेष को महत्व देना कांग्रेस की संस्कृति रही है।
भाजपा के 370 से ज्यादा सीटें जीतने और एनडीए का आंकड़ा 400 के पार होने के दावे के बारे में स्वामी ने कहा, मेरा मानना है कि भाजपा अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन को पीछे छोड़ देगी। पहली बार हिंदू अपनी पहचान पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्हें अब वह संकोच महसूस नहीं होता।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, कुछ लोग सोच सकते हैं कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वजह से हुआ है, पर मुझे नहीं लगता कि मोदी मैजिक जैसा कुछ है। हमें ऐसी चीजों को महत्व देने की जरूरत नहीं है।
स्वामी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एनडीए में वापसी का भी स्वागत किया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादा पलटी जद (यू) अध्यक्ष के हित में नहीं होगी। नीतीश कुमार हमेशा हमारे थे। मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा है कि वह हमें छोड़कर क्यों चले गए थे। वह बुद्धिमान हैं और उन्हें समझना चाहिए कि वह हिंदू भावनाओं के खिलाफ जाने का जोखिम नहीं उठा सकते।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.