राजधानी दिल्ली में अपराध का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया। राजधानी के उत्तम नगर से सटे मोहन गार्डन इलाके में 31 वर्षीय एक महिला ने बुर्का पहनकर खुद अपनी मां के घर में लाखों रुपये की चोरी की डाली।
उसे कोई पहचान न पाए, इसलिए महिला ने बुर्का पहनकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से महिला की पहचान कर उसकी इस काली करतूत का खुलासा कर दिया है।
इसके बाद अपनी मां के घर से गहने और नकदी चुराने की आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि यह कदम उसने पैसों की तंगी और अपनी मां से प्यार की कमी के चलते उठाया।
पुलिस को 30 जनवरी को उत्तम नगर के एक घर में चोरी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता कमलेश ने पुलिस को बताया कि बुर्का पहने एक महिला दोपहर 2 बजे उसके घर में घुसी और सोने-चांदी के गहनों के अलावा 25,000 रुपये कैश चुराकर ढाई बजे चली गई।
शिकायत के आधार पर इस मामले में आईपीसी की धारा 380 के तहत एक एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। एंटी बर्गलरी सेल की टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला और बुर्का पहने एक महिला को संदिग्ध रूप से घर में प्रवेश करते देखा।
पुलिस ने गौर किया कि संदिग्ध महिला द्वारा घर में जबरन प्रवेश नहीं किया था और ना ही चोरी के लिए घर की अलमारी का दरवाजा तोड़ा गया था। इस कारण पुलिस टीम का शक शिकायतकर्ता कमलेश की बड़ी बेटी 31 वर्षीय श्वेता पर गया। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने श्वेता को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही चोरी के गहने भी बरामद कर लिए हैं।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.