तेजस्वी ने राहुल की न्याय यात्रा में संभाली स्टीयरिंग, दूरी की खबरों पर लगाया ब्रेक


राहुल गांधी की "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" के रोहतास (सासाराम) पहुंचने पर आज राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव उनके कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नज़र आए। तेजस्वी यादव न सिर्फ राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हुए बल्कि उनका वाहन भी चलाया। गाड़ी की पिछली की सीट पर कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता और पूर्व लोकसभा अध्‍यक्ष मीरा कुमार भी बैठी नजर आईं। 

औरंगाबाद की जनसभा में इंडिया गठबंधन के सहयोगी राजद और वामदल के बड़े नेता नहीं शामिल हुए थे, जिसके चलते बिहार में इंडिया गठबंधन में आशंका जताई जाने लगी थी। आज तेजस्वी ने न्‍याय यात्रा में शामिल होकर इन आशंकाओं और गोदी मीडिया की प्‍लांटेड खबरों की धज्जियां उड़ा दीं। 

यात्रा में कांग्रेस, राजद सहित इंडिया गठबंधन के दलों के हजारों कार्यकर्ता और समर्थकों साथ तेजस्वी यादव लाल रंग की चार पहिया राहुल गांधी के साथ नजर आए। कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 34वां दिन है। राहुल गांधी आज रोहतास में किसान नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। 

उन्‍होंने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे तेजस्वी यादव और राहुल गांधी कैमूर में एक सभा को संबोधित करेंगे और शाम करीब 5 बजे यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ