उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां पति की हार्ट अटैक से मौत होने के गम में पत्नी के आत्महत्या कर लेने से एक हंसता-खेलता परिवार देखते ही देखते उजड़ गया।
इंदिरापुरम इलाके में पति की दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत से बदहवास होकर एक नवविवाहिता ने बहुमंजिला इमारत की सातवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि अभिषेक (25) नामक युवक सोमवार को अपनी पत्नी अंजलि (23) के साथ दिल्ली स्थित चिड़ियाघर गया था, तभी उसके सीने में अचानक तेज दर्द उठा।
अभिषेक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हार्ट अटैक पड़ने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को रात करीब नौ बजे कौशाम्बी थाना क्षेत्र स्थित वैशाली सेक्टर-3 के अहलकॉन अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर स्थित उसके घर लाया गया था।
अंजलि के रिश्तेदारों के मुताबिक अपने पति की मौत से सदमे में आई अंजलि उसके शव के पास बैठी थी। तभी अचानक उसके मन में न जाने क्या आया कि वह वहां से उठी और अपने घर की बाल्कनी से नीचे कूद गई।
अंजलि को गम्भीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान सुबह उसने भी दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिये ले जाया गया है। अभिषेक और अंजलि की शादी पिछले साल 30 नवम्बर को ही हुई थी।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.