जल्द खत्म होने वाली है एसबीआई, एचडीएफसी, इंडियन बैंक की स्पेशल स्कीमों की अंतिम तारीख
फिक्स्ड डिपॉजिट में अगर ज्यादा रिटर्न चाहते हैं, तो ज़रा जल्दी कीजिए, क्योंकि कई बैंकों ज्यादा ब्याज दर वाली स्पेशल एफडी स्कीमों की अंतिम तारीख खत्म होने वाली है. आज हम आपको एसबीआई, एचडीएफसी बैंक और इंडियन बैंक की ऐसी ही चार खास एफडी स्कीमों के बारे में बताने जा रहे हैं.
एसबीआई की अमृत कलश स्कीम
भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई ने 7.10% की ब्याज दर के साथ 400 दिनों की अवधि वाली अमृत कलश एफडी योजना भी शुरू की है. इस अल्प कालिक योजना में वरिष्ठ नागरिकों को 7.60% की ब्याज दर की पेशकश की जा रही है, जोकि आम एफडी स्कीमों से करीब एक फीसदी अधिक है. इस एफडी स्कीम में निवेश की आखिरी तारीख 30 जून, 2023 तक है.
एसबीआई की वी केयर स्कीम
एसबीआई ने वी केयर नाम की एक और एफडी योजना खासतौर पर सीनियर सिटीजंस के लिए पेश की है. यह एक लंबी अवधि की एफडी स्कीम है, जिसकी अवधि 5 से 10 वर्ष है. एसबीआई वी केयर एफडी योजना में सीनियर सिटीजन को बैंक द्वारा 7.50 फीसदी की ऊंची ब्याज दर की पेशकश कर रहा है. इस योजना में 30 जून 2023 तक निवेश किया जा सकता है.
एचडीएफसी बैंक सीनियर सिटीजन केयर एफडी
एचडीएफसी बैंक ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए मई 2020 में सीनियर सिटीजन केयर नाम से एक स्पेशल एफडी स्कीम शुरू की थी. इस विशेष एफडी योजना के तहत, बैंक 5 करोड़ रुपये से कम की जमा राशि पर 0.25% (मौजूदा दर से 0.50% अधिक ) की अतिरिक्त ब्याज दर प्रदान करता है. पांच साल से लेकर दस साल तक की अवधि वाली इस एफडी पर बैंक सालाना 7.75% की ऊंची दर से ब्याज दे रहा है. इस स्पेशल एफडी में 7 जुलाई, 2023 तक निवेश किया जा सकता है. एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट के अनुसार इस स्कीम में स्वीप इन व आंशिक क्लोजर यानी एफडी को समय से पहले बंद करने पर 5 साल बाद ब्याज दर पेशकश की दर से 1.25% कम होगी या बेस रेट लागू होगी.
इंडियन बैंक की इंड शक्ति एफडी स्कीम
इंडियन बैंक की 555 दिन की इंड शक्ति एफडी स्कीम के तहत बैंक आम जनता को 7.25% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.75% ब्याज दर की पेशकश कर रहा है. इस योजना में न्यूनतम निवेश 10,000 रुपये का है और अधिकतम निवेश की सीमा 2 करोड़ रुपये से कम की है. यह स्पेशल एफडी स्कीम 30 जून, 2023 को समाप्त होने जा रही है.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.