उत्तर प्रदेश में लंबे समय से टल रहे नगर निकाय के चुनावों की तारीख का आज आखिरकार ऐलान हो गया. इसके साथ ही लोकतंत्र के सबसे निचले स्तर पर अपने नए जनप्रतिनिधि चुनने का रास्ता जनता के लिए एक बार फिर खुल गया है.
उत्तर प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयोग ने रविवार को राज्य में नगरीय निकायों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है. राज्य चुनाव आयुक्त मनोज कुमार ने पत्रकारों को बताया कि राज्य में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में 4 मई तथा 11 मई को होगा, जबकि वोटों की गिनती 13 मई को की जाएगी.
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत राज्य के 760 नगरीय निकाय चुनाव के अन्तर्गत कुल 14,684 पदों पर चुनाव होंगे. इनमें 17 महापौर, 1420 पार्षद, 199 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष, नगर पालिका परिषदों के 5327 सदस्य, 544नगर पंचायतों के अध्यक्ष और नगर पंचायतों के 7178 सदस्यों के निर्वाचन के लिये वोटिंग होगी.
इसके पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त ने 3 अप्रैल को एक बयान जारी करके कहा था कि प्रदेश सरकार द्वारा आरक्षण की अंतिम सूचना प्राप्त होने के बाद प्रदेश के नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
आयोग द्वारा निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी करने से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को नगर निगमों के महापौर, नगर परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्षों के लिए अंतिम आरक्षण सूची जारी की.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.