शादी में मुंह से आग निकालने का करतब दिखा रहा था लड़का, तभी हो गया ये कांड : वायरल हो रहा वीडियो


मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक युवक को करतब दिखाना भारी पड़ गया। शादी समारोह में मुंह में पेट्रोल भरकर करतब दिखाने में पेट्रोल में आग लगने से युवक का चेहरा झुलस गया। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

खबर के मुताबिक बुरहानपुर का युवक हर्षल एक शादी समारोह में डांस करते हुए करतब दिखा रहा था, इस दौरान वह खुद ही हादसे का शिकार हो गया। 

बारात में मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल पर इसका वीडियो बनाया है, जिसे सोशल मीडिया पर शेयर भी किया गया है। शादी में हुए भयंकर हादसे का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

घायल हर्षल ने बताया कि वह शाहपुर में शादी समारोह में शामिल होने गया था। करतब दिखाने के लिए मैंने बाइक से पेट्रोल निकाला और मुंह में भर लिया। मैं उसे हवा में उड़ाकर आग लगाने का करतब दिखाना चाहता था।

युवक ने बताया कि मुंह के सामने आग रखकर जैसे ही मुंह से पेट्रोल उस पर डाला तो पेट्रोल ने आग पकड़ ली। इससे चेहरा और कपड़े जलने लगे। तब आसपास खड़े लोगों ने तुरंत आग बुझाई। घायल युवक ने बताया कि उसने यह करतब टीवी में देखा था।

डॉक्टरों के मुताबिक, टीवी और फिल्मों में या सोशल मीडिया पर इस तरह के करतब जो दिखाते हैं, वे पूरी तरह से ट्रेंड होते हैं। वे सुरक्षा मापदंडों का भी इस्तेमाल करते हैं। सामान्य व्यक्ति को इस तरह के करतब बिल्कुल भी नहीं दिखाने चाहिए, नहीं तो जान का खतरा हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ