- Now Aadhar card will be made in the hospital also UIDAI is preparing to launch soon
- अब अस्पताल में भी बनेगा आधार कार्ड UIDAI जल्द ही लॉन्च करने की कर रहा तैयारी
सरकार जल्द ही नवजात बच्चों के लिए आधार कार्ड शुरू करने की तैयारी में है. इनके आधार कार्ड उसी अस्पताल में बनेंगे जहां बच्चे का जन्म हुआ है.
जानकारी के मुताबिक अब UIDAI की योजना है कि बच्चे को जन्म के साथ ही पूर्ण आधार कार्ड दिया जाए जिसमें बायोमैट्रिक भी उसके पूरे हों.
इसके लिए UIDAI बर्थ रजिस्ट्रार के साथ मिलकर यह सुविधा अस्पतालों में देने (Aadhar in Hospitals) की तैयारी चल रही है. जल्द ही इस सुविधा को शुरू किया जा सकता है.
माना जा रहा है कि अस्पताल में ही यह सुविधा शुरू होने पर लोगों को काफी सहायता होगी और बच्चे का आधार कार्ड आसानी से बन जाएगा.
UIDAI के सीईओ सौरभ गर्ग का कहना है कि योजना यह है कि अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों की फोटो खींचकर साथ ही साथ आधार कार्ड जारी कर दिया जाएगा. इससे बच्चे के मां-बाप को काफी सुविधा होगी.
उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए UIDAI बर्थ रजिस्ट्रार के साथ मिलकर काम करेगा और इसके लिए बातचीत की जा रही है और जल्द ही इस मुद्दे पर फैसला हो सकता है.
बता दें कि फिलहाल बच्चे के आधार कार्ड बनाने की सुविधा अस्पतालों में नहीं है. अस्पताल की डिस्चार्ज स्लिप से आधार सेंटर जाकर बच्चे का आधार कार्ड बनवाना होता है.
अभी 5 साल से कम उम्र के बच्चों के आधार के लिए बायोमेट्रिक्स की जरूरत नहीं पड़ती है लेकिन जब उनकी उम्र 5 साल से ज्यादा हो जाती है तो उनका बायोमेट्रिक्स कराना अनिवार्य हो जाता है.
क्षेत्रीय भाषा में बनेंगे आधार कार्ड
साथ ही सीईओ ने यह भी बताया कि अब क्षेत्रीय भाषा में भी आधार कार्ड बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि अभी देश में आधार कार्ड पर हिंदी और अंग्रेजी में ही जानकारियां दी गई होती है लेकिन अब यह क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध हो सकेगा. इसके बाद जल्दी ही आधार कार्ड पर पंजाबी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, उड़िया, मराठी जैसी तमाम क्षेत्रीय भाषाओं में कार्ड धारक का नाम और अन्य डिटेल्स देखने को मिल जाएंगी.
- ये भी पढ़ें
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.