खुल गया ये टाइगर सफारी, कम दामों में इस तरह ले सकते हैं वीकेंड टूर का मज़ा


कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते केस को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देशानुसार वाल्मीकि टाईगर रिजर्व (वीटीआर) प्रशासन ने पर्यटकों के लिए पूर्णत: बंद रखने का निर्णय लिया था। हालांकि अब कुछ नियमों के साथ वीटीआर को खोल दिया गया।

पर्यटकों के वीकेंड टूर  की बुकिंग वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के लिए शुरू होनेवाली है। वैसे पर्यटक यहां आज से भ्रमण के लिए आने लगे हैं।

वाल्मीकि नगर में जितने भी होटल या रहने की जगह है, उसकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू  हो गई है। आने वाले पर्यटकों को वाल्मीकि नगर घूमने में कोई असुविधा नहीं होगी।

पर्यटक इको पार्क और जंगल सफारी का भी आनंद लेंगे। इसके लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा। आने वाले सैलानियों को मास्क का उपयोग करना होगा।

12 फरवरी से वीकेंड टूर पैकेज की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए पर्यटक वीटीआर की वेबसाइट से जाकर अपना बुकिंग करा सकते हैं। इस वर्ष दो नए टूर पैकेज की शुरूआत की गई थी।

इसका रिजल्ट काफी अच्छा रहा था। लेकिन कोरोना को देखते हुए वीटीआर बंद किया गया था और उसी दौरान टूर पैकेज भी बंद कर दिए गए थे।

कोरोना गाइडलाइन के तहत फिलहाल सुबह 6:00 बजे से दिन के 2:00 बजे तक इको पार्क खुलेगा। वही कोलेश्वर झूला पर 2:00 बजे तक पर्यटक झूले का आनंद उठा सकेंगे।

वीटीआर खुलने से पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग जिनका जीविकोपार्जन वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से चलता है, उनमें खुशी देखी जा रही है।

पहले छह लोग जंगल सफारी करने जाते थे। अब उसकी जगह पर चार लोग ही जंगल सफारी का आनंद ले पाएंगे। सभी सफारी करने वाली गाड़ियों पर सेनिटाइजर का उपयोग किया जाएगा।

इसके साथ ही सभी रेस्टोरेंट और अतिथि गृह में भी कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। गोवर्धन रेंज के रेंजर सुजीत कुमार ने बताया कि जंगल सफारी के लिए समय का निर्धारण किया गया है।

सफारी के लिए दोपहर 2:00 बजे अंतिम गाड़ी खुलेगी, जो शाम 4:00 बजे तक पुन: लौट आएगी। 2:00 बजे के बाद कोई भी गाड़ी खोलने की अनुमति नहीं है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ