उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा इन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज चुनाव आयोग करने जा रहा है.
चुनाव आयोग ने दोपहर 3.30 बजे दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की है.जानकारी के मुताबिक आयोग इसमें पांचो राज्यों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा.
चुनाव आयोग कोविड के बावजूद उत्तर प्रदेश में समय से चुनाव कराने की बात पहले भी कह चुका है. आयोग ने बीते सप्ताह लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सभी राजनीतिक दल चुनाव चाहते हैं. इसलिए चुनाव को टाला नहीं जाएगा.
निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी प्रेस वार्ता के आमंत्रण में कोरोना वायरस संबंधी नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यूपी में 6 से 8 चरण में मतदान हो सकता है. फिलहाल, आयोग कोरोना वायरस के कहर को देखते हुए चुनाव कराने से पहले हर पहलुओं पर विचार कर रहा है.
बीते दो दिन से चुनाव आयोग स्वास्थ्य मंत्रालय और विभिन्न संबद्ध पक्षो के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा के लिए बैठक कर रहा था.
माना जा रहा है कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने से लेकर पहले चरण के मतदान के बीच कम से कम 30 से 35 दिन का समय लग सकता है. इसके बाद वोटों की गिनती और नतीजे जारी करते-करते एक हफ्ते का समय और लग जाता है. यानी चुनाव परिणाम मार्च के दूसरे सप्ताह तक आने की उम्मीद है.
बता दें कि उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त होगा, जबकि अन्य चार राज्यों में विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च में विभिन्न तिथियों पर समाप्त हो रहा है.
- यह भी पढ़ें
सलमान और सलीम खान गिरफ्तार, करतूत जानकर रह जाएंगे हैरान !
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.