राज्‍यसभा में बजी सीटी, तो भड़क उठे सभापति वेंकैया नायडू, कह दी यह बड़ी बात

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदन में कुछ सांसदों द्वारा सीटियां बजाए जाने को संसद की मर्यादा और प्रतिष्ठा के खिलाफ बताया है। ये सांसद पेगासस मामले पर विरोध जता रहे थे। नायडू ने कहा, 'मुझे बताया गया कि कुछ सदस्य सदन में सीटी बजा रहे हैं। वो (शायद) सीटी बजा रहे हैं अपनी पुरानी आदत (की वजह) से, मगर ये सदन है। कुछ सदस्य मार्शलों के कंधों पर हाथ लगा रहे हैं। मुझे नहीं पता उन्होंने ऐसा क्यों किया। कुछ ने मंत्रियों के सामने तख्तियां लहराईं और उनको देखने नहीं दे रहे थे। धैर्य की भी एक सीमा होती है और हमें सदन के धैर्य को समाप्त नहीं होने देना चाहिए।' सभापति ने कहा कि इससे निबटने का दो ही रास्ता है या तो इसे नजरअंदाज किया जाए और सदन को बाजार बनने दे दिया जाए। हरेक अपनी सीटी बजाते रहे...और दूसरा, कार्रवाई की जाए। वेंकैया ने सदस्यों से शालीनता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इन सभी चीजों से सदन का मान और नीचे गिरा है। कभी नहीं सोचा था कि मेरे सदस्य इस स्तर तक चले जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ