सस्‍ते में घर बैठे उड़ाइये दाव, स्‍वीगी-ज़ोमेटो दे रहे 60% तक डिस्‍काउंट

● ग्राहकों की संख्‍या और कारोबार बढ़ाने के लिए पेश किए जा रहे नए-नए आकर्षक ऑफर घर के रोज-रोज के खाने से हटकर कुछ बाहर का टेस्‍ट ट्राई करने को मन मचल रहा है, तो अब जेब की चिंता में अपने मन को मत मारिये. होटल-रेस्‍टोरेंट का लज़ीज़ खाना अब घर बैठे खा सकते हैं, वह भी आधी से भी कम कीमत में. आपके बजट की चिंता दूर करने के लिए ज़ोमेटो और स्‍वीगी जैसे ऑनलाइन प्‍लेटफॉर्म 60% तक की भारी छूट का ऑफर ले आए हैं. फूड-डिलीवरी एग्रीगेटर कारोबार में तेजी लाने के लिए इस तरह के आकर्षक ऑफर दे रहे हैं. कोविड -19 महामारी के दौरान इन दोनों के ऑर्डर मूल्य में वृद्धि हुई थी, अब ये ऑर्डरों की संख्‍या और अपने चैनल के जरिये सप्‍लाई किए जाने वाले खाने की मात्रा को भी बढ़ाना चाहते हैं. इसीलिए इन्होंने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मार्केटिंग और विज्ञापन के खर्च में भी काफी बढ़ोतरी की है. अपने ग्राहकों की संख्‍या बढ़ाने के लिए स्विगी और ज़ोमैटो पहले भी कई डिस्‍काउंट ऑफर पेश करते रहे हैं. इस रणनीति ने उन्‍हें अच्‍छे नतीजे भी दिए. एक बार फिर से वे 60% तक की भारी-भरकम छूट के साथ नई रफ्तार हासिल करने की तैयारी में हैं, वर्ना खाने-पीने के कारोबार में आमतौर पर इतना बड़ा डिस्‍काउंट नहीं मिलता. इस तरह देखा जाए, तो यह बड़ी छूट के ऑफर कोविड महामारी के दौरान खान-पान के व्यवसाय आई सुस्‍ती का आर्थिक परिणाम है. देश में कोविड-19 की दस्‍तक के बाद मार्च 2020 में राष्‍ट्रव्यापी तालाबंदी के कारण खाना ऑर्डर करने का कारोबार 30 फीसदी तक की गिरावट के साथ 70-80 प्रतिशत के करीब आ गया था. इसकी वजह पाबंदियों के चलते अधिकतर रेस्‍टोरेंट का बंद होना और स्‍टाफ की कमी आदि रहा. पाबंदियों में धीरे-धीरे दी गई ढील के साथ ही अगस्त से दिसंबर 2020 के बीच के ऑर्डरों की संख्या बढ़ी और एग्रीगेटर्स के ऑर्डर नई ऊंचाई के स्‍तर पर पहुंच गए. छोटे शहर निकले आगे मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टियर 2 शहरों में कोविड -19 की दूसरी लहर के दौरान क्लाउड किचन और फूड डिलीवरी की मांग में सबसे ज्यादा उछाल देखा गया. स्विगी के मुताबिक तिरुपुर, जोधपुर, बेलगावी, अगरतला और जमशेदपुर जैसे टियर 2 और 3 शहरों के लोगों ने इस दौरान बड़े पैमाने पर ऑनलाइन फूड डिलीवरी को अपनाया. कुछ टियर 2 शहरों में 50% तक की वृद्धि देखी गई, जबकि अन्य शहरों में भी ऑर्डर रिकॉर्ड स्‍तर तक पहुंच गए. उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक स्विगी ने हाल ही में और अधिक ऑफ़र और छूट देना शुरू किया.इसके प्रतिद्वंद्वी ज़ोमैटो ने भी छूट की राह पकड़ने में देरी नहीं की. ग्राहकों की सख्‍या बढ़ाने के साथ ही वॉल्यूम बढ़ाने के लिए शुरू किए गए इन ताजा डिस्‍काउंट ऑफरों के तहत इन कंपनियों ने अधिकतम छूट की सीमा 120 रुपये तय की है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ