पीएम किसान निधि के जरिये किसानों के खाते में पहुंची 1.35 लाख करोड़ रुपये की रकम

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम के तहत अभी तक 1.35 लाख करोड़ रुपये की रकम देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है. यह बात केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताई. उन्‍होंने कहा कि नाबार्ड ने राज्य विपणन संघों को करीब 50 हजार करोड़ रुपये का वितरण करके उपज की रिकार्ड खरीद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. तोमर सोमवार को नाबार्ड के 40वें स्थापना दिवस पर आयोजित वेबिनार को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि खेती की लागत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में लगातार वृद्धि की है. इसके साथ ही कोरोना के लॉकडाउन के बावजूद राज्यों की एजेंसियों के माध्यम से किसानों के अनाज व अन्‍य कृषि उत्‍पादों की एमएसपी पर खरीद में भी वृद्धि हुई है. उन्‍होंने बताया कि भारतीय कृषि क्षेत्र में छोटे व सीमांत किसानों को समय पर कर्ज उपलब्ध कराने के लिए कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार ने पीएम-किसान योजना के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए मिशन मोड में अभियान चलाया. केंद्र सरकार की ओर से चालू वित्त वर्ष के बजट में इस क्षेत्र में 16.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज देने का लक्ष्य रखा गया है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ