राहुल रायबरेली से लड़ेंगे चुनाव, नामांकन आज : जानिए अमे‍ठी से कांग्रेस ने किसको दिया टिकट !


कांग्रेस पार्टी ने लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अपनी पारंपरिक सीट अमेठी और रायबरेली से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। नामांकन के अंतिम वक्त पर पार्टी ने रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा की है।


राहुल गांधी अब तक अमेठी से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन इस बार पार्टी ने उनकी सीट बदलते हुए उन्‍हें रायबरेली सीट पर उतारा है। इस सीट से राहुल की मां सोनिया गांधी ने पिछले लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, पर इस बार वह स्‍वास्‍थ्‍य कारणों से चुनाव न लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं।


हालांकि कांग्रेस ने इस बार अपनी पारंपरिक सीट अमेठी से गैर-गांधी परिवार से  उम्मीदवार बनाया है, पर टिकट पाने वाले किशोरी लाल शर्मा गांधी परिवार के करीबी माने जाते हैं। शर्मा ही वह व्यक्ति हैं, जो गांधी परिवार की गैर-मौजूदगी में दोनों प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों का काम-काज संभालते रहे हैं। उनकी इस निष्‍ठा को देखते हुए ही पार्टी ने शर्मा पहली बार चुनावी मैदान में उतारा है।


गौरतलब है कि भाजपा अमेठी से स्मृति ईरानी को एक बार फिर से चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा काफी पहले ही कर चुकी है और वह पहले ही अमेठी से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुकी हैं।


अमेठी सीट पर राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के बीच 2014 और 2019 के लोक सभा चुनाव में कड़ा मुकाबला देखा गया। इसमें 2014 में जहां राहुल ने जीत हासिल की, वहीं 2019 में बड़ा उलटफेर करते हुए स्मृति ईरानी ने पहली बार जीत हासिल की थी। 


उधर भाजपा गुरुवार को दिनेश प्रताप सिंह को एक बार फिर से रायबरेली में अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जो  2019 के लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी से हार गए थे।


राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा आज अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इन दोनों सीट पर सात चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होगा, जिसके लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन शुक्रवार यानी आज है। 


कांग्रेस पार्टी ने एक बयान में कहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, वर्तमान में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा नामांकन दाखिल करने के दौरान रायबरेली में रहेंगे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ