कच्चातिवु द्वीप को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में श्रीलंका को सौंपे जाने के प्रधानमंत्री मोदी के झूठे दावे की पोल खुद उन्हीं की सरकार के एक RTI जवाब ने खोल दी है।
2015 के इस आरटीआई का जवाब खुद मौजूदा विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिया था, जोकि उस समय विदेश सचिव थे। इस जवाब में स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि कच्चातिवु द्वीप का न तो अधिग्रहण किया गया था और न ही इसे सौंपा गया था। यह भारत-श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय सीमा समुद्री रेखा के श्रीलंकाई पक्ष पर स्थित है।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कच्चातिवु द्वीप के मामले पर मोदी सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और केरल में महज कुछ वोट पाने के लिए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पीएम मोदीकच्चातिवु द्वीप पर झूठ बोलकर श्रीलंका के पक्ष को मजबूत कर रहे हैं।
प्रियंका का यह बयान विदेश मंत्री जयशंकर के यह कहने के कुछ ही घंटों बाद आया है कि 'जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं ने 1974 में समुद्री सीमा समझौते के तहत श्रीलंका को सौंपे गए कच्चातिवु को एक छोटा द्वीप या छोटी चट्टान कहा था।'
'एक्स' पर एक पोस्ट में चतुर्वेदी ने कहा, 'शायद विदेश मंत्रालय 2015 की तुलना में 2024 में अपनी आरटीआई प्रतिक्रिया में इस विसंगति को संबोधित करने में सक्षम होगा. 2015 में जब वर्तमान विदेश मंत्री एफएस के रूप में कार्यरत थे, तो आरटीआई के जवाब में उन्होंने यकहा था 'इसमें भारत से संबंधित क्षेत्र का अधिग्रहण या उसे छोड़ना शामिल नहीं था क्योंकि प्रश्न में क्षेत्र का कभी सीमांकन नहीं किया गया था. समझौतों के तहत, कच्चातिवु द्वीप भारत-श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के श्रीलंकाई हिस्से पर स्थित है.'
दूसरी ओर कच्चातिवु द्वीप मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्ट और केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर की प्रेस कॉन्फेरेंस पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि भाजपा इस मामले में बेतुका आरोप लगा रही है।
चिदंबरम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आरटीआई में दिए गए हालिया जवाब के आधार पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि उन्हें 27 जनवरी 2015 के आरटीआई के जवाब को देखना चाहिए, जब जयशंकर विदेश सचिव थे। उस जवाब में स्पष्ट रूप से कहा गया कि बातचीत के बाद यह द्वीप अंतर्राष्ट्रीय सीमा के श्रीलंकाई हिस्से में है।
चिदंबरम ने वह कारण भी बताया, जिसके चलते इंदिरा गांधी ने स्वीकार किया कि यह श्रीलंका का है, क्योंकि श्रीलंका में छह लाख तमिल पीड़ित थे और वह भारत आना चाहते थे। इस समझौते के बाद छह लाख तमिल भारत आए और वे अब यहां सभी मानवाधिकारों का आनंद ले रहे हैं।"
पीएम मोदी को आड़े हाथ लेते हुए चिंदबरम ने कहा कि वो सुलझे हुए मुद्दे कच्चातिवु के बजाए चीन की आक्रामकता पर बोलें। 2,000 वर्ग किमी भारतीय क्षेत्र पर चीनी सैनिकों का कब्जा है और यह एक सच्चाई है। फिर भी, पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय क्षेत्र में कोई भी चीनी सैनिक मौजूद नहीं है और भारतीय क्षेत्र का कोई भी हिस्सा चीनी सैनिकों के कब्जे में नहीं है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.