ड्राइवर ने मांगी सैलरी तो मालिक ने कुत्‍ते से कटवाया, फिर तान दिया तमंचा


कार चलाने वाले ड्राइवर ने अपने मालिक से बकाया वेतन मांगा तो मालिक ने उसे अपने पालतू कुत्‍ते से कटवा दिया। इसके बाद मारपीट कर ड्राइवर पर तमंचा भी तान दिया। यह अजीबोगरीब मामला यूपी की राजधानी लखनऊ का है।


जानकारी के मुताबिक एक ड्राइवर ने त्रिवेणीनगर में रहने वाले अपने मालिक पर कुत्ते से कटवाने का आरोप लगाया है। ड्राइवर के मुताबिक वह मालिक के यहां अपना बकाया वेतन लेने गया था, लेकिन सैलरी मांगने पर मालिक ने उस पर कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने उसे काट कर घायल कर दिया। 


ड्राइवर द्वारा इसका विरोध पर मालिक ने उसपर तमंचा तान दिया। पीड़ित ड्राइवर ने मदेयगंज थाने में तहरीर दी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


तहरीर में पतौरागंज निवासी ड्राइवर अजय शर्मा ने बताया है कि वह  त्रिवेणी नगर में रहने वाले अविनाश मिश्रा की गाड़ी चलाता है। उसने कुछ माह पहले नौकरी छोड़ दी थी। अपने वेतन के बकाया नौ हजार रुपये सोमवार को लेने गया था।


वेतन की मांग करने पर अविनाश ने अजय के साथ गाली-गलौज की और विरोध पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने अजय को काट कर जख्मी कर दिया। शोर सुनकर अविनाश के घर के लोग भी आ गए। 


ड्राइवर अजय ने जब उनका विरोध किया तो उसके ऊपर उन लोगों ने तमंचा तान दिया। किसी तरह से वहां से भागकर जान बचाई। इंस्पेक्टर मदेयगंज राजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ