दिल के दौरे से जान गंवाने वाले युवक की आत्मा की शांति के लिए उसका एक दोस्त जब चिता पर सिगरेट रखने पहुंचा, तो वहां एक अजब ही नज़ारा देखने को मिला, जिसे देखकर उसके रोंगटे खड़े हो गए. तीन तांत्रिक वहां उसके दोस्त की चिता पर तंत्र साधना करते दिखाई दिए.
यह हैरतनाक नज़ारा गुना के गोपालपुरा स्थित शमशान घाट पर देखने को मिला. जानकारी के मुताबिक 29 साल के युवक अश्विनी केवट का हार्ट अटैक से निधन हो गया था. अश्विनी शिवरात्रि के अवसर पर अपने दोस्तों के साथ केदारनाथ धाम दर्शन के लिए गया था. दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के बाद अश्विनी के सीने में तेज दर्द हुआ. कार्डियक अरेस्ट के कारण अश्विनी की मौत हो गई.
परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार गोपालपुरा स्थित शमशानघाट में कर दिया और वापस घर लौट आए. अश्विनी को सिगरेट पीने का शौक था. मृतक के शौक को पूरा करने और आत्मा की शांति के लिए भाई निखिल केवट और उसका दोस्त आकाश रघुवंशी सिगरेट लेकर शमशानघाट पहुंचे, लेकिन वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.
गोपालपुरा शमशान घाट में तीन तांत्रिक जलती हुई चिता के साथ तंत्र साधना करते पाए गए. शिवरात्रि के मौके पर वहां रात अंधेरे तंत्र साधना की जा रही थी. मृतक के परिजन और दोस्तों ने जब ये नजारा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
चिता के पास तीन तांत्रिक चटाई बिछा कर अपने साथ सिंदूर, चाकू, बाल और तमाम सामग्री लिए चिता के पास शव और राख के साथ तंत्र साधना कर रहे थे. तांत्रिकों ने मृतक अश्विनी केवट की चिता की राख को बोतल में भर लिया था.
जब निखिल, आकाश और अन्य लोगों ने तांत्रिकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम अविनाश चंदेल (नाथ), दिलीप चंदेल (नाथ) और राहुल बैरागी बताए. मामला बिगड़ता देख तांत्रिक राहुल बैरागी मौका भाग निकला. बाकी के दोनों तांत्रिकों को लोगों ने पकड़ लिया.
टीआई कैंट थाना पंकज त्यागी ने बताया कि पुलिस ने तीनों तांत्रिकों के खिलाफ IPC की धारा 297,34 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस छानबीन में जुटी है कि आखिरकार तंत्र क्रिया के पीछे तांत्रिकों का मकसद क्या था?
घटना को लेकर परिजनों और लोगों में नाराजगी है. गुना में पहले भी मुक्ति धामों में तंत्र क्रिया के मामले सामने आए हैं. लोगों में इस बात की नाराजगी है कि जलते हुए शवों के साथ छेड़छाड़ कैसे रोकी जाए?

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.