लोकसभा चुनाव की बहुप्रतीक्षित अधिसूचना और तारीखों की घोषणा चुनाव आयोग कर करने वाला है. इसके साथ ही चार राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का भी ऐलान किया जाएगा. चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर यह जानकारी दी है.
जानकारी के मुताबिक चुनाव आयोग शनिवार दोपहर 3 बजे चुनावों के कार्यक्रम को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला है, जिसमें चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा. लोकसभा चुनाव के साथ साथ, सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनावों की तारीख़ों का भी ऐलान होगा.
चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये देश में होने वाले आम चुनाव के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देगा. चुनाव की घोषणा होते ही पूरे देश में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी. माना जा रहा है कि इस बार लोकसभा चुनाव 6 से 7 चरणों में कराए जा सकते हैं.
नव नियुक्त निर्वाचन आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने शुक्रवार को अपना पदभार संभाल लिया है. सभी दलों ने भी लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है. भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी हैं.
चुनाव आयोग ने अपने पोस्ट में लिखा आम चुनाव 2024 और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से शनिवार, 16 मार्च को दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी. इसे ईसीआई के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा.
बता दें कि पिछली बार 2019 में आम चुनाव की तारीख 10 मार्च को घोषित हुई थी. पिछला बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच कराए गए थे. पिछली बार 67.1% मतदान हुआ था। वहीं, मतों की गिनती 23 मई को हुई थी.
इस बार लोकसभा चुनाव में करीब 97 करोड़ लोग वोट देंगे। चुनाव आयोग ने दावा किया है कि इस बार चुनाव में गड़बड़ी और करप्शन पर रोक लगाने के लिए बहुत नए कदम उठाए जाएंगे.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.