मोदी सरकार की ED ने दिल्‍ली के सीएम केजरीवाल को किया गिरफ्तार, मंत्री बोलीं 'विनाश काले विपरीत बुद्धि'


दिल्ली के कथित शराब घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल की ओर से दायर याचिका हाईकोर्ट में खारिज होने के बाद आज प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी, जिसकी कमान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के हाथ में है, ने केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। 


सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को मोदी सरकार की हताशाजनक कार्यवाही करार देते हुई दिल्‍ली सरकार की शिक्षा मंत्री आतिशी ने बताया है कि गिरफ्तारी के बावजूद केजरीवाल मुख्‍यमंत्री पद से इस्‍तीफा नहीं देंगे और दिल्‍ली की सरकार को वह जेल से ही चलाएंगे। 


आतिशी ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव की तारीख करीब आती जा रही है, वैसे वैसे पीएम नरेंद्र मोदी और उनके गृहमंत्री अमित शाह की बौखलाहट बढ़ती जा रही है, क्‍योंकि उन्‍हें चुनाव में अपना पत्‍ता साफ होता नजर आ रहा है। मादी सरकार की स्थिति विनाश काले, विपरीत बुद्धि वाली हो गई है।


बता दें कि आज केजरीवाल की ईडी की गिरफ्तारी से बचने को लेकर दायर याचिका दिल्‍ली हाईकोर्ट में खारिज होने के बाद कुछ ही देर में ईडी की टीम केजरीवाल के आवास पर 10वां समन देने पहुंच गई। 


केंद्र सरकार के नियंत्रण वाली ईडी के अधिकारियों ने केजरीवाल के घर की तालाशी ली और उनका फोन जब्‍त कर लिया।  मोदी सरकार की ईडी इससे पहले इस मामले में अरविंद केजरीवाल को 9 समन भेज चुकी थी, लेकिन वह एक बार भी ईडी के सामने पेश नहीं हुए। 


दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना है। उन्होंने कहा, 'चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह टार्गेट करना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को। 


प्रियंका ने कहा कि अपने आलोचकों से चुनावी रणभूमि में उतरकर लड़िये, उनका डटकर मुक़ाबला करिए, उनकी नीतियों और कार्यशैली पर बेशक हमला करिए - यही लोकतंत्र होता है। मगर इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मक़सद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमज़ोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के ख़िलाफ़ है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ