पिकअप वैन के पलटने से 4 मजदूरों की मौत, 12 जख्‍मी, जानिए कहां हुआ हादसा


बिहार के आरा से एक बड़ी दुर्घटना की खबर आई है। मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन के पलट जाने से हुए हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है। एक दर्जन से अधिक लोग बुरी तरीके से जख्मी हो गए। 


जानकारी के मुताबिक घटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के रानी सागर मोड़ की है। मृतकों की पहचान बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौगाई गांव निवासी शिवकुमार राम की पत्नी रामदुलारी देवी (50), दफा डिहरी गांव निवासी नागा राम की पत्नी मंगरी देवी (50), उसी गांव के रमुन राम की पत्नी सीता सुंदरी (50) और  रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के बिसी खुर्द गांव निवासी सरोज कुमार राम के रूप में हुई है। 


घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सभी मजदूर शाहपुर थाना क्षेत्र के कारनामेपुर ओपी अंतर्गत माधवपुर गांव में काम करने गए थे। शनिवार को जब सभी काम करके पिकअप वाहन पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। बलौटी गांव के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।


इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग बुरी तरीके से जख्मी हो गए। घटना के बाद आनन-फानन में सभी ज़ख्मियों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। 


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिय़ा है। इस हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है।  


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ