हिस्टोरिकल फिल्मों में आपने राजा-महाराजाओं को औलाद होने की खुशखबरी सुनाने वाली दासी केा अपने गले में पड़ा अनमोल हार या बेशकीमती अंगूठी उतार कर देने के सीन तो बहुत देखे होंगे।
कुछ ऐसा ही दृश्य हरियाणा के रेवाड़ी शहर में हकीकत में देखने को मिला है। फर्क बस यह है कि यहां कोई राजा नहीं बल्कि एक साधारण व्यक्ति ने दादा बनने की खुशी में घर पर बधाई गाने आए किन्नरों को 100 गज का प्लॉट दे दिया जिसकी कीमत 12 लाख रुपये के करीब बताई जा रही है।
शादी-ब्याह और संतान होने जैसे खुशी के मौके पर घरों में बधाई देकर नेग लेने आए किन्नरों की ऊंची डिमांड और जिद्दी रवैये के चलते अकसर विवाद और मारपीट तक की खबरें सामने आती हैं, पर रेवाड़ी में किन्नरों को ऐसा गिफ्ट मिला, जिसे पाकर वह खुद भी दंग रह गए। क्योंकि इतना कीमती गिफ्ट उन्हें जीवन में पहली बार मिला।
indiatv.in की खबर के मुताबिक हरियाणा के रेवाड़ी शहर की सत्ती कॉलोनी निवासी शमशेर सिंह के घर में हाल ही में पोते ने जन्म लिया था। शमशेर सिंह एक जमींदार है यानी शहर के आसपास के इलाकों में उनके पास काफी पुश्तैनी जमीन है।
कुछ समय पहले उनके बेटे प्रवीण यादव को, जो पेशे से एडवोकेट हैं, पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। खुशी के इस मौके पर शमशेर सिंह के घर बधाई देने किन्नर सपना गुरु, हिना, कोमल पहुंचीं। इस मौके पर किन्नरों के नाच-गाने से खुश होकर शमशेर सिंह ने गिफ्ट के तौर पर 100 वर्ग गज का प्लॉट देने की घोषणा की।
किन्नरों को दिया ये प्लॉट शहर के झज्जर रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी और रामसिंहपुरा के बीच में है। इसकी फिलहाल कीमत 12 से 15 लाख रुपये के बीच है। जब शमशेर सिंह ने पूछा कि आप इस प्लॉट में क्या करेंगे तो किन्नरों ने बताया कि वह पशु बांधेंगे। इस पर शमशेर सिंह ने कहा कि भैंस भी चाहिए हो तो बता देना, वो भी दे देंगे।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.