चोरी, ठगी या धोखाधड़ी का शिकार होने पर लोग शिकायत दर्ज कराने पुलिस के पास जाते हैं, पर आज हम आपको एक ऐसी खबर सुनाने जा रहे हैं, जहां एक महिला पुलिस अधिकारी को ही एक ठग ने फर्जी IRS अधिकारी बनकर धोखे से शादी कर ली।
जालसाज के धोखे का शिकार हुई यह महिला DSP अब खुद के लिए इंसाफ की मांग कर रही है। ठगी यह वारदात हुई है उत्तर प्रदेश के शामली में तैनात DSP श्रेष्ठा ठाकुर के साथ, उन्हें किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उनके पति ने ही धोखा दिया है। दरअसल, जिस इंसान को आईआरएस अफसर समझकर उन्होंने उससे शादी की थी वह असल में कुछ और ही निकला। इस फर्जीवाड़े का राज़ खुलने के बाद श्रेष्ठा ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई हे।
जानकारी के मुताबिक 2008 बैच की तेजतर्रार पीपीएस और डिप्टी एसपी के पद पर कार्यरत श्रेष्ठा एक मेट्रोमोनियल साइट के जरिये अपने पति रोहित राज से मिली थीं। उनका आरोप है कि रोहित राज ने खुद को आईआरएस अफसर बताया था, उसने अपनी तैनाती रांची में डिप्टी कमिश्नर पद पर बताई थी।
शादी से पहले श्रेष्ठा के परिजनों ने रोहित राज के बारे में जानकारी जुटाई थी, उस समय इसी नाम का एक आईआरएस अफसर रांची में डिप्टी कमिश्नर पद पर तैनात था, जिस कारण किसी को उन पर शक नहीं हुआ।
शादी के बाद जब श्रेष्ठा ठाकुर को पति की सच्चाई पता चली, तो वह दोनों अलग हो गए। हालांकि इसके बाद भी रोहित अपनी पूर्व पत्नी के नाम से धोखा करता रहा। आरोप है कि रोहित राज द्वारा ठगी की शिकायतें लगातार लोगों से मिलती रहीं।
पति की ठगी के इन कारनामों से परेशान होकर अब श्रेष्ठा ठाकुर ने रोहित राज के खिलाफ कौशांबी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। यह मामला यूपी की ब्यूरोक्रेसी के गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.