जैसी करनी, वैसी भरनी की कहावत आपने सुनी ही होगी। यह कहावत आज उस वक्‍त सच होती नज़र आई, जब एक खूंखार अंडरवर्ल्ड डॉन की एक शादी समारोह के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग में सरेआम गोली मार कर हत्‍या कर दी गई। 

यह डॉन कोई और नहीं लाहौर अंडरवर्ल्ड में सबसे खूंखार माफियाओं में गिना जाने वाला बलाज टीपू था। टीपू की हत्या चुंग इलाके में एक शादी समारोह के दौरान की गई है। हमलावरों ने टीपू और दो अन्य मेहमानों पर भी गोलियां चलाई, जिसके चलते वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बलाज लाहौर के ट्रक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के क्षेत्र में भी बड़ा नाम था।


हथियारों से लैस टीपू के साथियों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलीबारी की, जिसके चलते हमलावर की भी मौके पर ही मौत हो गई। टीपू को बचाने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहाल हमले की वजह साफ नहीं हो सकी है।


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लाहौर अंडरवर्ल्ड में बलाज टीपू को सबसे खूंखार और प्रभावी लोगों में गिना जाता था। बलाज की मौत की खबर के बाद से ही उसके समर्थकों में शोक और नाराजगी है। अधिकारियों ने इलाके में घेराबंदी कर दी है और गहन जांच शुरू कर दी है।


उसकी हत्‍या के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है। अमीर बलाज टीपू के पिता आरिफ आमिर उर्फ टीपू ट्रकनवाला की भी साल 2010 में अल्लामा इकबाल एयरपोर्ट पर हमले में मौत हो गई थी। इससे पहले उसके दादा का नाम भी पुरानी रंजिश से जुड़ा रहा था।