बॉम्बे हाईकोर्ट ने इंद्राणी मुखर्जी पर बनी वेब सीरीज पर रोक लगाते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से इसकी स्क्रीनिंग रोकने को कहा है। इस वेब सीरीज को कल यानी आगामी 23 फरवरी 2024 को रिलीज किया जाने वाला था। फिलहाल बॉम्बे हाईकोर्ट की रोक के बाद अब इसे रिलीज नहीं किया जा सकेगा।
इसके अलावा कोर्ट ने नेटफ्लिक्स को सीबीआई अधिकारियों के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है। खबर है कि इस वेब सीरीज के मामले की अगली सुनवाई 29 फरवरी को होगी।
सीबीआई ने इंद्राणी मुखर्जी पर बनी वेब सीरीज के रिलीज होने पर यह कहते हुए आपत्ति जताई थी कि ये सीरीज मामले की जांच, उसके नतीजे और लोगों की धारणा को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में इसके बारे में सीबीआई को जानकारी दी जानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार 'द इंद्राणी मुखर्जी स्टोरी: बरीड ट्रुथ' वेब सीरीज इसके कई पहलुओं को लोगों के सामने लाने के लिए बनाई गई है। यह वेब सीरीज बॉलीवुड फिल्म की क्राइम, सस्पेंस और थ्रिलर स्टोरी के अंदाज में बनाई गई है। इसका करीब दो मिनट का एक ट्रेलर कुछ दिनों पहले ही रिलीज किया गया था।
बता दें कि शीना बोरा मर्डर केस एक ऐसा मामला था जिसने लोगों के होश उड़ा दिए थे। अपनी ही बेटी के कत्ल के आरोप में मां इंद्राणी मुखर्जी को जेल की हवा तक खानी पड़ी थी। 'द इंद्राणी मुखर्जी स्टोरी: बरीड ट्रुथ' वेब सीरीज इसी पर आधारित बताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.