लोकसभा चुनावों को लेकर इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल हो गया है. एक साझा प्रेस वार्ता करके आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने इस बारे में जानकारी दी है.
कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने गठबंधन की घोषणा करते हुए बताया कि दिल्ली, गुजरात, चंडीगढ़ और गोवा में में दोनों पार्टियां गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ेंगी, जबकि पंजाब में दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी और चुनावी नतीजे आने के बाद गठबंधन होगा.
दिल्ली की बात करें, तो कुल सात लोकसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस के हिस्से में तीन सीटें आई हैं. इनमें से आप पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी, वहीं कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से चुनाव लड़ेगी.
वहीं गुजरात की 26 में से 24 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे, जबकि दो सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी. आम आदमी पार्टी के हिस्से में भरूच और भावनगर की लोकसभा सीटें आई हैं.
इसी तरह हरियाणा में कांग्रेस के हिस्से में नौ सीटें आई हैं, जबकि आम आदमी पार्टी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी. चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस का प्रत्याशी खड़ा होगा. इसी तरह गोवा में भी सिर्फ़ कांग्रेस के ही उम्मीदवार उतारे जाएंगे. पंजाब में दोनों पार्टियां ही अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.