दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए 5 मार्च से दिल्ली के द्वारका सेक्टर 19 बी में पेंटहाउस सहित अपने लग्जरी अपार्टमेंट की ई-नीलामी का तीसरा चरण शुरू करेगा। डीडीए ने ई-नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है जिसकी लास्ट डेट 28 फरवरी है।
अथॉरिटी ने 5 जनवरी को 296 अपार्टमेंट के लिए ई-नीलामी का पहला राउंड किया था, जिसमें 274 अपार्टमेंट बुक किए गए थे, जबकि 707 अपार्टमेंट के लिए ई-नीलामी का सेकेंड राउंड 5 फरवरी को हुआ था।
ई-नीलामी के जरिए अलॉट की जा रही ये रेसिडेंशियल यूनिट्स डीडीए की फेस्टिवल स्पेशल हाउसिंग स्कीम 2023 का हिस्सा हैं, जिसमें पेंटहाउस, सुपर एचआईजी (सुपर हाई इनकम ग्रुप), एचआईजी, एमआईजी (मिडिल इनकम ग्रुप), एलआईजी (लोअर इनकम ग्रुप) और ईडब्ल्यूएस (इकोनॉमिक वीकर सेक्शन) सहित कई कैटेगरीज के तहत 32,000 फ्लैट बेचे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि डीडीए की इन लग्जरी सेग्मेंट की प्रॉपर्टी को खरीद कर अगर किराये पर उठाया जाए तो काफी अच्छी रेंटल इनकम हो सकती है।
अधिकारियों ने कहा कि पेंटहाउस, सुपर एचआईजी फ्लैट और एमआईजी अपार्टमेंट के साथ एचआईजी फ्लैटों की पेशकश विभिन्न चरणों में ई-ऑक्शन के जरिये की जा रही है, जबकि एलआईजी और ईडब्ल्यूएस फ्लैटों को 'पहले आओ पहले पाओ' के आधार पर अलॉट किया जा रहा है।
कितने फ्लैट उपलब्ध
इस स्कीम के तहत 257 अपार्टमेंटों की ई-नीलामी की जाएगी। ई-नीलामी में तीन प्रकार के फ्लैट पेश किए जाएंगे - पेंटहाउस, एचआईजी फ्लैट और एमआईजी फ्लैट। नीलामी में, अथॉरिटी 123 एचआईजी 3-बीएचके फ्लैट और 132 2-बीएचके एमआईजी फ्लैट की पेशकश कर रहा है। दो लक्जरी डुप्लेक्स पेंटहाउस भी नीलामी का हिस्सा होंगे। डीडीए ने केवल 14 पेंटहाउस बनाए हैं, जिनमें से केवल दो ही बचे हैं।
प्रॉपर्टी की कीमतें
पेंटहाउस के लिए रिजर्व प्राइस 5 करोड़ रुपये रखा गया है जबकि एचआईजी अपार्टमेंट के लिए यह 2.05 करोड़ रुपये है। एमआईजी 2 बीएचके यूनिट की कीमत 1.2 करोड़ रुपये रखी गई है।
लोकेशन
लक्जरी डुप्लेक्स पेंटहाउस और एचआईजी अपार्टमेंट द्वारका सेक्टर 19 बी में एक हाई-एंड हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में बनाए गए हैं, जिनसे सेक्टर 24 में बन रहे 18-होल गोल्फ कोर्स का व्यू मिलता है। 700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में 11 टावर हैं . पेंटहाउस में टैरेस गार्डन भी होंगे और सेक्टर 19 बी में लग्जरी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में सामान्य से अधिक बड़े ग्रीन स्पेस होंगे। 2 बीएचके एमआईजी फ्लैट द्वारका सेक्टर 14 में स्थित हैं।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
डीडीए अधिकारी ने बताया कि खरीदारों को पहले ई-नीलामी पोर्टल eservices.dda.org.in पर रजिस्ट्रशन करना होगा और प्रत्येक फ्लैट के लिए अलग से 2,500 रुपये का भुगतान करना होगा, जो नॉन-एडजेस्टेबल और नॉन-रिफंडेबल है। रजिस्ट्रेशन के लिए खरीदारें को एक निश्चित बुकिंग अमाउंट या ईएमडी जमा करना होगा। एचआईजी के लिए बुकिंग अमाउंट 15 लाख रुपये और पेंटहाउस के लिए 25 लाख रुपये है, जबकि एमआईजी फ्लैटों के लिए यह 10 लाख रुपये है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.