शादी का न्योता मिलने पर आमतौर पर लोगों को खुशी होती है, पर यूपी के बिजनौर में शादी का कार्ड मिलने के बाद एक व्यापारी के होश उड़ गए. कार्ड मिलते ही वह भागा-भागा पुलिस के पास पहुंच गया.
मामला दरअसल कुछ इस तरह है कि उस शादी के कार्ड में सर्राफा व्यापारी को धमकी देते हुए उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और रंगदारी न देने पर उसके बेटे को मारने की धमकी दी गई. इसे पढ़कर परेशान व्यापारी पुलिस में रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचा.
शहर के जाने-माने सर्राफा व्यापारी सुधीर कुमार का धामपुर में सोने के आभूषणों का बड़ा कारोबार और शोरूम है. रविवार की रात को आठ बजे के आसपास एक रिक्शा चालक उनके शोरूम पर पहुंचा और एक शादी का कार्ड दिया.
जब रिक्शा चालक चला गया तो व्यापारी सुधीर कुमार ने कार्ड खोल कर देखा तो उसके अंदर एक पत्र मिला. जिसमें सुधीर कुमार से एक गड्ढे के अंदर 10 लाख रुपये 22 फरवरी तक रखने की बात कही गई थी. साथ ही रुपये ना देने पर उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी.
इस कार्ड को पढ़ते ही व्यापारी के होश उड़ गए. उन्होंने इसकी सूचना अपने परिवार व अन्य व्यापारियों को दी. इसके बाद सभी व्यापारी इकट्ठा होकर देर रात में ही थाने पहुंचे और पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया. पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की.
व्यापारी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच करते हुए कार्ड देने वाले रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है. हालांकि, उसका कहना है कि एक शख्स ने उसे 50 रुपये देकर ये कार्ड व्यापारी की दुकान पर पहुंचाने के लिए कहा था. इस घटना के बाद अन्य व्यापारियों में भी खौफ पैदा हो गया है.
आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पता चला कि रंगदारी वाला शादी का कार्ड एक रिक्शा चालक के द्वारा दिया गया था. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. हालांकि, उसका कहना है कि एक शख्स ने उसे 50 रुपये देकर ये कार्ड व्यापारी की दुकान पर पहुंचाने के लिए कहा था.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.