प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा एक्टिव रहते हैं। इनके कार्यक्रमों की जानकारी और बयान फेसबुक से लेकर X (ट्विटर) तक पर छाए रहते हैं, जिन्हें खूब लाइक व शेयर भी किया जाता है। पर कभी कभी इसे लेकर उन्हें लेने के देने भी पड़ जाते हैं।
बीते दिनों पीएम मोदी के वर्ल्डकप फाइनल मैच देखने पहुंचने पर 'पनौती' शब्द के जबर्दस्त ट्रेंड करने के बाद अब उनका और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का एक फोटो यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक मजेदार कमेंट के चलते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने के लिए गुरुवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंचते ही एक्शन मोड में दिखे। वह आधी रात को ही निरीक्षण करने सड़क पर निकल पड़े. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की गईं।
पीएम मोदी और सीएम योगी की इन्हीं तस्वीरों को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए मजेदार कमेंट किया है, जिसपर यूजर्स के जमकर रिएक्शन और लाइक व शेयर देखने को मिल रहे हैं।
अखिलेश ने X (ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, "जनता पूछ रही है ऐसी जगहों पर क्या हम भी पैदल जा सकते हैं और फोटो खिंचवा सकते हैं? जनता ये भी जानना चाहती है कि क्या अभी भी ‘दो लोगों के बीच दो गज की दूरी’ वाला नियम लागू है या फिर ‘दो कदम पीछे चलने का’ नया नियम आया है?"
फोटो में पीएम मोदी और सीएम योगी के बीच दिख रही दूरी को टार्गेट करते हुए अखिलेश के इस कमेंट को लोग एक सटीक व्यंग्य के रूप में देख रहे हैं और उनकी हाजिरजवाबी की तारीफ भी कर रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.