सेलरी 25% बढ़ी, लोकसभा चुनाव से पहले इन कर्मचारियों को सरकार ने दिया तोहफा


लोकसभा चुनावों से पहले बड़ा फैसला लेते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को राज्‍य के आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और उनके सहायकों की पारिश्रमिक (सैलरी) में करीब 25% बढ़ोतरी की घोषणा की है. 


सीएम कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक पारिश्रमिक 7,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है, जबकि मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक पारिश्रमिक 5,375 रुपये से बढ़ाकर 7,250 रुपये कर दिया गया है.


इसी तरह आंगनवाड़ी सहायक का वेतन 3,750 रुपये से बढ़ाकर अब 5,000 रुपये प्रति माह कर दिया गया है.नया वेतन अक्टूबर 2023 से ही प्रभावी हो जाएगा. पिछले चार महीनों की बकाया राशि 5 से 10 मार्च के बीच उनके बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी. 


राज्य सरकार इस वेतन बढ़ोतरी के लिए सालाना 350 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करेगी. ओडिशा सरकार के इस महत्‍वपूर्ण फैसले से राज्य की 1.48 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं को लाभ होगा.


नौकरी छोड़ने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब 1 लाख रुपये मिलेंगे, जो पहले 40,000 रुपये थे. निकास नीति के तहत मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मौजूदा 30,000 रुपये के बजाय 75,000 रुपये मिलेंगे, जबकि आंगनवाड़ी सहायकों को 20,000 रुपये के बजाय 50,000 रुपये मिलेंगे.


इसे 1 अप्रैल 2024 से लागू किया जाएगा. साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं की मृत्यु या पूर्ण शारीरिक विकलांगता के मामले में 2 लाख रुपये और आंशिक विकलांगता के लिए 1 लाख रुपये की राशि का भुगतान करने की भी राज्य सरकार ने यह भी घोषणा की है. इसे भी 1 अप्रैल से लागू किया जाएगा.


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ