एसडीएम ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या की कहानी से बिल्कुल मिलता-जुलता मामला झारखंड के गोड्डा जिले में सामने आया है, जहां पति ने पत्नी को कर्ज लेकर पढ़ाया पर नौकरी लगते ही वह प्रेमी के साथ फरार हो गई.
झारखंड के गोड्डा में एक पिज्जा डिलीवरी बॉय ने कर्ज लेकर अपनी पत्नी को नर्सिंग का कोर्स कराया, लेकिन नौकरी मिलते ही पत्नी उसे दगा देकर प्रेमी संग भाग गई. अब पत्नी की बेवफाई की हर जगह चर्चा हो रही है. इस संबंध में टिंकू यादव ने नगर थाना में पत्नी और उसके आशिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
गोड्डा के कठौन गांव निवासी टिंकू यादव ने बताया कि उसकी शादी गोड्डा शहर के ही बढ़ौना मोहल्ले की रहने वाली प्रिया कुमारी के साथ हुई थी. पत्नी पढ़ने में तेज थी और शादी के बाद पत्नी आगे पढ़ना चाहती थी इस वजह से टिंकू ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद ढाई लाख कर्ज लेकर अपनी पत्नी को नर्सिंग का कोर्स कराया
टिंकू ने पत्नी का दाखिला शकुंतला नर्सिंग स्कूल में नर्सिंग कोर्स के लिए करवाया और उसकी पढ़ाई भी पूरी करवाई. उसने यह सोचकर पत्नी को पढ़ाया कि इससे दोनों का भविष्य सुधार जाएगा, पर नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान ही टिंकू की पत्नी अपने पड़ोसी दिलखुश राउत के साथ प्रेम के जाल में फंस गई.
दोनों का प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि नर्सिंग का कोर्स पूरा होते ही टिंकू की पत्नी उसे छोड़कर अपने प्रेमी संग फरार हो गई. पत्नी प्रिया कुमारी कॉलेज की छुट्टी होने के बाद प्रेमी के साथ भागकर दिल्ली चली गई और वहां कोर्ट मैरेज कर शादी की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाल दी.
टिंकू को जब इसकी जानकारी हुई तबतक बहुत देर हो चुकी थी.इस खबर से टिंकू के दिल और दिमाग पर गहरा असर पड़ा और वह अंदर से टूट गया. टिंकू ने बताया कि उसने कर्ज लेकर पत्नी को एएनएम की डिग्री दिलाने के लिए नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन कराया था. दिन-रात मेहनत कर उसके कॉलेज की फीस चुकाई. फिर, उसके साथ ऐसा हुआ जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी.
पत्नी की बेवफाई से आहत टिंकू ने नगर थाना पहुंचकर पत्नी और उसके आशिक के खिलाफ आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दोनों पक्षों से बात करके सभी पहलुओं की जांच और तफ्तीश की जा रही है.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.