देश की राजधानी दिल्ली में बेखौफ अपराधियों का एक दुस्साहस भरा कारनामा सामने आया है. इंडिया गेट और रिंग रोड को जोड़ने वाली प्रगति मैदान टनल में एक व्यापारी के डिलीवरी एजेंट से सरेआम लूट की वारदात सामने आई है. राजधानी के व्यस्ततम इलाके में हुई इस खौफनाक वारदात ने बड़े-बड़े दावे करने वाली मोदी सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है.
बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर पुरानी दिल्ली के कारोबारी अनुज से दो लाख रुपये लूट लिए. इस लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि बेखौफ लुटेरों ने कैसे सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया.
जानकारी के मुताबिक चांदनी चौक के ओमिया इंटरप्राइजेज में डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करने वाले साजन कुमार अपने एक साथी जिगर पटेल के साथ चांदनी चौक से गुरुग्राम जा रहे थे. उनके पास पैसों से भरा बैग था, जो उन्हें वहां किसी को देना था.
दोनों ने लाल किला से एक ओला कैब की और रिंग रोड पर गुड़गांव जाते समय जब वो प्रगति मैदान वाली टनल में दाखिल हुए, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4 बदमाशों ने तमंचा दिखाकर कैब रोकी और बैग लूट लिया.
लूट की यह पूरी वारदात टनल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. इसका फुटेज एक न्यूज चैनल के टवीटर अकाउंट पर पोस्ट किए जाने के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से शेयर किया जा रहा है. वीडियो देखकर लोग अपने कमेंट्स के जरिये द्र सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
लूट की वारदात के बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. जानकारी के मुताबिक बैग में करीब 2 लाख रुपये थे. पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही है.
दिनदहाड़े हुई इस बेखौफ वारदात से दिल्ली पुलिस की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा हो गया है. बता दें कि दिल्ली पुलिस केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के अधीन है, जिसकी कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथ में है.
वायरल वीडियो देखने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.