बच्चों को पाल-पोस कर बड़ा करने वाली मां उनके जन्म से पहले भी नौ माह तक गर्भ में उन्हें पोष्ण देती है. प्रेग्नेंसी की इस अवधि में महिलाएं और उनके परिवार वाले इस बात का खासतौर पर ख्याल रखते हैं कि किसी भी तरह की शारीरिक गतिविधि या हादसे से गर्भस्थ शिशु को कोई नुकसान न होने पाए. पर, इस सबके विपरीत अगर किसी महिला और उसके घर वालों को महिला के प्रेग्नेंट होने का पता ही न चले और सीधे बच्चे का जन्म हो जाए, तो इसे कुदरत का करिश्मा ही कहा जाएगा.
जी हां, एक ऐसा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत में, जहां एक महिला ने बेबी बंप और प्रेग्नेंसी के किसी भी लक्षण के बिना ही अचानक बच्चे को जन्म दे दिया. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जॉर्जिया में रहने वाली मार्ला मैकएंटायर नाम की एक महिला के साथ ऐसी ही घटना हुई
इस हैरतअंगेज घटना से महिला और उसके परिवार वालों सहित डॉक्टर भी हैरान हैं. लोग सोच में पड़ गए हैं कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है?
दरअसल, बीते साल अगस्त में उसे पीरियड से जुड़ी कुछ समस्या हुई थी. इस पर उसने बाकायदा अस्पताल जाकर अपना प्रेग्नेंसी टेस्ट किया था, उस समय उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई और कुछ दिन बाद उसके पीरियड भी रेगुलर हो गए.
इसके बाद वह निश्चिंत हो गई, लेकिन हाल ही में उसके साथ कुछ ऐसा हुआ, जिससे वह खुद हैरान रह गई. अचानक से उसके पेट में दर्द शुरू हुआ.उसे लगा कि शायद एसीडिटी वगैरह होगी, जिसके कारण पेट में दर्द हो रहा है, लेकिन दर्द ज्यादा होने के कारण वह दौड़कर बाथरूम की ओर भागी और वहां कुछ ही देर में उसकी डिलीवरी हो गई. इस तरह बाथरूम गई मार्ला जब बाथरूम से बाहर आई तो उसके हाथों में उसका नन्हा सा नवजात बच्चा था और अब वह एक प्यारे से बच्चे की मां बन चुकी थी.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.