लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने वाले सोशल इम्पैक्ट स्टार्टअप हक़दर्शक को उसके प्री-सीरीज़ A1 राउंड के तहत नया निवेश प्राप्त हुआ है. कंपनी ने नई पूंजी की जानकारी दी है, हालांकि इस राउंड में मिली मिली रकम का खुलासा उसकी ओर से नहीं किया गया है.
इसके साथ ही इनोवेटिंग जस्टिस फंड और विलेज कैपिटल द्वारा संचालित फाइनेंशियल हेल्थ इनोवेशन फंड सहित 22 संस्थागत निवेशक हक़दर्शक के निवेशकों की सूची में शामिल हो गए हैं.हकदर्शक में नए निवेशकों में अभिषेक रूंगटा (आईएनटी के संस्थापक और सीईओ), दीप बजाज (सह-संस्थापक, सिरोना हाइजीन), भाविन पांड्या, (सह-संस्थापक और सीईओ, गेम्स 24X7), मॉर्फियस अनंत और बिंदू सुब्रमण्यम (गायक-गीतकार), गिरीश कुलकर्णी और मोहित बजाज जैसी हस्तियां शामिल हैं.
इससे पहले जनवरी में हकदर्शक शार्क टैंक इंडिया (सीज़न-2) में दिखाई दिए थे और उन्होंने पैनलिस्ट-नमिता थापर, पीयूष बंसल और अमन गुप्ता से फंडिंग में 1 करोड़ रुपये जुटाए थे. द दीपक ग्रुप, एक्यूमेन फंड, बियॉन्ड कैपिटल फंड और शालिनी छाबड़ा, 3i पार्टनर्स और मुकुंद संथानम सहित मौजूदा निवेशक भी मार्च 2023 को खत्म हुए राउंड में शामिल थे.
2015 में अनिकेत देवगर द्वारा स्थापित, हक़दर्शक सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जनता तक पहुंचने में आने वाली बाधाओं और गैप को अपने टेक. प्लेटफॉर्म के जरिये खत्म कर रहा है. हक़दर्शक की एक खास बात यह है कि इसके संचालकों में से ज्यादातर महिलाएं हैं.
जानकारी के मुताबिक इस राउंड में मिली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से प्लेटफार्म के तकनीकी विस्तार और नए कर्मचारियों को जोड़ने के लिए किया जाएगा. साथ ही इससे कंपनी के नए प्रोडक्ट 'योजना कार्ड' को डेवलप करने में भी इस रकम का इस्तेमाल किया जाएगा. यह एक ऐसा डिजिटल कार्ड होगा जो लोगों को सरकारी योजनाओं का एक्सेस प्रदान करने में मददगार होगा.
नया निवेश प्राप्त करने के बाद कंपनी का कहना है कि हमारा लक्ष्य अगले 12 महीनों में 2 मिलियन परिवारों तक पहुंचने का है. योजना कार्ड प्लेटफॉर्म उन्हें कई कल्याणकारी सेवाओं और वित्तीय समावेशन उत्पादों तक पहुंच प्रदान करेगा.
हकदर्शक वर्तमान में भारत के 24 राज्यों में काम कर रहा है और इसने 30,000 से अधिक एजेंटों को प्रशिक्षित किया है और 11 स्थानीय भाषाओं में उपलब्ध अपने डिजिटल पोर्टल के माध्यम से 2.7 मिलियन से अधिक परिवारों को 4,200 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ प्रदान करने का दावा किया है.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.