ATM में कर दी ये गलती तो खाते से कट जाएंगे पैसे, भरना पड़ेगा GST भी


ATM में लिमिट से ज्‍यादा ट्रांजेक्‍शन करने, खाते में मिनिमम बैलेंस न होने पर शुल्‍क कटौती जैसे हथकंडों के बाद बैंकों ने अब ग्राहकों की जेब काटने का एक नया तरीका तलाश लिया है. अब अगर आपने अपने खाते में मौजूद रकम से ज्‍यादा एमाउंट ATM से पैसे निकालते वक्‍त भर दिया, तो तुरंत ही आपके अकाउंट से तुरंत ही 10 रुपये काट लिए जाएंगे. यही नहीं, फेल हुए इस ट्रांजेक्‍शन पर आपसे GST भी वसूला जाएगा.


देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB ने अपने ग्राहकों को यह जोर का झटका दे दिया है. पीएनबी ने 31 मार्च को अपने कस्टमर्स के लिए एक नोटिस जारी कर इसे लागू भी कर दिया है. 


नोटिस के मुताबिक पीएनबी ने ATM के इस्तेमाल को लेकर नया नियम बनाया है, जिसके मुताबिक बैंक खाते में निकासी के लिए पर्याप्‍त रकम न होने पर ट्रांजैक्शन ही फेल होने के साथ ही ऐसे हर ट्रांजेक्‍शन पर खाते से 10 रुपये काट लिए जाएंगे. 


गौर करने वाली बात यह है कि इस लेनदेन में ग्राहक के हाथ ट्रांजेक्‍शन न हो पाने की पर्ची के अलावा कुछ नहीं लगा फिर भी उसे अपने खाते से 10 रुपये की कटौती के अलावा जएसटी भी देना होगा. यह जीएसटी भी ग्राहक के खाते से स्‍वत: ही कट जाएगा.


ATM नियमों में बदलाव के साथ ही PNB ने डेबिट कार्ड, प्रीपेड कार्ड और एनुअल मेंटेनेंस चार्ज में भी बदलाव की तैयारी कर रहा है. इसके तहत PoS और ई-कॉमर्स ट्रांजैक्शन के अगर दौरान आपके अकाउंट में पैसे नहीं रहे तो भी बैंक फीस काट लेगा. PoS यानी प्वाइंट ऑफ सेल उस डिवाइस को कहते हैं, जिसका इस्‍तेमाल दुकानदार आपके क्रेडिट या डेबिट कार्ड से भुगतान प्राप्‍त करने के लिए करते हैं. PoS में कार्ड स्‍वैप या टच करा कर ही ऑनलाइन पेमेंट की प्रकिया पूरी होती है. 


बता दें कि अभी हाल में ही UPI पेमेंट गेटवे को चलाने वाले नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया यानी NPCI ने भी पेमेंट पर चार्ज करने की घोषणा की थी. इसके तहत आप जब दुकानदार यानी मर्चेंट का QR कोड स्कैन करके UPI गेटवे के जरिये अपने पेमेंट वॉलेट से 2000 रुपए से ज़्यादा की रकम चुकाएंगे, तब 1.1% तक का चार्ज लगेगा. 


यह व्यवस्था एक अप्रैल से लागू हो गई है. इसके तहत जब आप दुकानदार को पैसे चुकाते हैं, तो दुकानदार का बैंक या जो भी पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर (बिचौलिया) होता है, वो दुकानदार से इंटरचेंज फीस वसूलता है. यानी ये फीस आपसे नहीं, दुकानदार से काटी जाएगी. हालांकि बाजार का सामान्‍य सा यह नियम सभी जानते हैं कि बाजार में कोई भी लागत या टैक्‍स अंतत: ग्राहक की जेब से ही निकाला जाता है, भले ही उसकी वसूली सीधे ग्राहक से न करके मर्चेंट या सर्विस प्रोवाइडर से की जाए, कीमत आखिरकार ग्राहक को ही चुकानी पड़ती है. 


तो आपका अकाउंट अगर PNB में है, तो डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते वक्‍त सावधान हो जाएं, कार्ड तभी यूज करें, जब खाते में उतने पैसे हों और कार्ड का इस्तेमाल से पहले चेक कर लें कि खाते में पर्याप्‍त रकम है या नहीं. माना जा रहा है कि सरकारी बैंक  PNB की राह पर चलते हुए जल्‍द ही अन्‍य बैंक भी ग्राहकों से इस तरह की कटौती को अपने यहां लागू कर सकते हैं.


  • ये भी पढ़ें

आधार कार्ड पर बिल्‍कुल मुफ्त मिल रही यह सुविधा, चूक न जाएं मौका




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ