एक बड़ी मोटर बोट के समुद्र में पलट जाने से उसपर सवार 25 यात्रियों की सागर में डूबकर मौत हो गई और 15 यात्री लापता हो गए हैं, जबकि 72 लोगों को बचा लिया गया है।
यह भयंकर हादसा अफ्रीका के ट्यूनीशिया देश में हुआ है। ट्यूनीशियाई प्रवासियों को यूरोप ले जा रही एक नाव के भूमध्य सागर में पलट जाने से 25 अफ्रीकी प्रवासियों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक नाव में सवार 15 लोग लापता हैं, जबकि ट्यूनीशियाई अधिकारियों द्वारा 72 लोगों को बचा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना पूर्व-मध्य ट्यूनीशिया के एक बंदरगाह Sfax के तट पर हुई। तटरक्षक अधिकारियों ने गुरुवार को नाव के नीचे फंसे 15 लोगों के शव बरामद किए। इससे पहले बुधवार को दस शव बरामद किए गए थे।
हादसे में मारे गए व बचाए गए लगभग सभी लोग उप-सहारा अफ्रीका से थे। बता दें कि गरीबी और बदहाली से जूझ रहे अफ्रीकी देशो से लोग भाग कर भूमध्य सागर के रास्ते पास के यूरोपीय देशों में जाते हैं.
इसी रास्ते से तस्कर छोटी नावों में प्रवासियों को यूरोपीय देशों में ले जाते हैं। भूमध्य सागर दुनिया के सबसे खतरनाक प्रवास मार्गों में से एक है। इसलिए छोटी और मझोले आकार की नावों के लिए यहां डूबने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद इस रूट से मानव तस्करी जारी है।
नावों में लोगों की अधिक भीड़ होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसमें अकसर बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है। करीब तीन हफ्ते पहले ही एक अन्य नाव के समुद्र में डूबने से 29 प्रवासियों की मौत हो गई थी और 67 अन्य लापता हो गए थे।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.