भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑस्ट्रेलिया में अगले महीने होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 के लिये सोमवार को टीम की घोषणा कर दी। एशिया कप टीम से बाहर रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल को शामिल किया गया है।
बुमराह पीठ की चोट और हर्षल साइड स्ट्रेन के कारण एशिया कप 2022 में हिस्सा नहीं ले सके थे. हालांकि अब पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद दोनों गेंदबाजों को टी-20 विश्व कप के लिये टीम में जगह दी गयी है।
हाल ही में हुई सफल सर्जरी के बाद आराम कर रहे रवींद्र जडेजा को टीम में शामिल नहीं किया गया और उनके स्थान पर अक्षर पटेल ने स्क्वाड में जगह बनायी है।
चयनकर्ताओं ने ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को बतौर विकेट कीपर टीम में शामिल किया है। युज़वेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया में भारत के दो स्पिन गेंदबाज होंगे।
इसके अलावा मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई और दीपक चाहर को अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है। विकेट कीपर बल्लेबाज संजू सैमसन टी-20 विश्व कप के लिये टीम में जगह नहीं बना सके।
चयनकर्ता समिति ने विश्व कप के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घर में होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय शृंखलाओं के लिये भी टीम की घोषणा की है।
शमी और चाहर ने दोनों घरेलू शृंखलाओं की 15 सदस्यीय दल में जगह बनाई है। दूसरी ओर हार्दिक पांड्या और अर्शदीप को ऑस्ट्रेलियाई शृंखला से आराम दिया गया है, जबकि भुवनेश्वर कुमार को दक्षिण अफ्रीका शृंखला से बाहर रखा गया है।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि हार्दिक, अर्शदीप और भुवनेश्वर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शृंखलाओं के दौरान 'कंडीशनिंग से संबंधित कार्यों' के लिये राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) जाएंगे।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.