गिरिडीह: चौंकाने वाली खबर झारखंड के गिरिडीह से आयी है। गांडेय प्रखंड की डोकोडीह पंचायत में मुखिया पद के लिए नामांकन का पर्चा भरने आये शफीक हैदर के नामांकन जुलूस में बुधवार को समर्थकों ने पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाये।
इसकी पुष्टि गांडेय के अंचलधिकारी रफी आलम और गांडेय थाना प्रभारी हसनैन ने की है। अधिकारियों ने बताया कि मामला गंभीर है। सीनियर अधिकारियों के निर्देश पर जांच कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। दूसरी तरफ गांडेय के अंचलाधिकारी रफीक आलम ने भी माना कि मामला सही है और थाना प्रभारी ने उन्हें मामले की जानकारी दी है। लिहाजा, गुरुवार को ऐसा करनेवालों के खिलाफ केस दर्ज किया जायेगा। पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
मामला बुधवार दोपहर का है, जब मुखिया प्रत्याशी शफीक हैदर अपने समर्थकों के साथ एक गाड़ी पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचे थे। इस दौरान जब सभी अंचल कार्यालय पहुंचे, तो शफीक हैदर तो गाड़ी में माला पहने खड़े थे। समर्थकों की भीड़ नीचे उतर कर उनके समर्थन में नारेबाजी करती रही। समर्थकों ने इस दौरान नारेबाजी करते हुये पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। हैरानी की बात रही कि मुखिया प्रत्याशी शफीक हैदर ने भी नारेबाजी कर रहे समर्थकों को रोकना जरूरी नहीं समझा। इस दौरान गांडेय थाना के आईआरबी के कई जवान भी वहां मौजूद थे। किसी ने नारेबाजी करनेवालों को रोका तक नहीं।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.