सरकार बचाने की जद्दोजहद के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान आज (27 मार्च) अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं.
खबरों के मुताबिक इमरान आज इस्लामाबाद में अपनी जनसभा के दौरान इस्तीफे का ऐलान कर सकते हैं. इस्तीफा देकर वह पाकिस्तान में तय समय से पहले चुनाव कराने की मांग कर सकते हैं.
सूत्रों के मुताबिक 28 मार्च को फॉरेन फंडिंग केस में इमरान खान की गिरफ्तारी हो सकती है. इसे देखते हुए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी के प्रमुख इमरान खान अगले चुनाव तक देश की बागडोर केयरटेकर गवर्नमेंट के हाथों में सौंपने की बात जनसभा में कर सकते हैं.
सूत्रों के मुताबिक राजनीतिक संकट में घिरने के साथ ही इमरान खान पाकिस्तान आर्मी का भी विश्वास गंवा चुके हैं.. माना जा रहा है कि ऐसे में इमरान खान अविश्वास प्रस्ताव का सामना नहीं करेंगे.
इमरान पर सोशल मीडिया कैम्पेन चलाकर आर्मी में फूट पैदा करने का आरोप है. साथ ही 2019 में आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा का कार्यकाल बढ़ाने में देरी करने के कारण भी सेना के अधिकारी उनसे खफा हैं.
बता दें कि 8 मार्च को पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) के करीब 100 सांसदों ने इमरान खान सरकार के खिलाफ असेंबली सचिवालय को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था.
इसके बाद इमरान ने कहा था कि वह किसी भी कीमत पर अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे और विपक्षी दलों को अपनी सरकार बचाकर चौंकाएंगे.
हालांकि, सरकार जिन दलों के सहयोग से चल रही है उनमें से तीन ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान इमरान खान के खिलाफ वोटिंग करने के संकेत दिए हैं, जिससे इमरान के सामने इस्तीफे का ही विकल्प बचता दिख रहा है.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.