झारखंड में भी सुलगने वाला था हिजाब विवाद, दो समुदायों ने ऐसे सुलझा लिया मामला


कर्नाटक के शिक्षण मुस्लिम छात्राओं द्वारा हिजाब पहनने को लेकर उठे विवाद की गूंज राज्‍य और देश की सीमाओं को पार करते हुए विदेशों तक जा पहुंची है। 

कर्नाटक, केरल और उत्‍तर प्रदेश समेत देश के विभिन्‍न राज्‍यों में जहां इसे लेकर तनाव और टकराव की खबरें सामने आई हैं, वहीं झारखंड से इस बारे में एक अच्‍छी खबर आई है। यहां हिजाब को लेकर उठ रहे विवाद को सुलगने से पहले ही दो समुदायों के लोगों ने आपसी सूझबूझ और सौहार्द से सुलझा लिया है। 

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र स्थित खड़पोस गांव में दो दोस्तों के बीच सोशल मीडिया पर हिजाब मामले को लेकर टिप्पणी के बाद तनाव हो गया।

हालांकि दोनों समुदाय के लोगों ने आपसी सूझबूझ से मामले को सुलझा लिया। दरअसल फेसबुक पर दो दोस्त चैट कर रहे थे। इस दौरान एक युवक ने हिजाब को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। इससे एक समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए।

जानकारी मिलते ही जगन्नाथपुर एसडीपीओ इकुड़ु डुंगडुंग व इंस्पेक्टर मनोरंजन प्रसाद सिंह मझगांव थाना पहुंचे।

एसडीपीओ ने कहा कि दोनों युवक एक ही गांव और बचपन के दोस्त हैं। दोनों फेसबुक पर हमेशा चैट करते हैं। इस दौरान हिजाब मामले में विवादित टिप्पणी से एक समुदाय को ठेस पहुंची।

उसके बाद मझगांव पुलिस आरोपी युवक को थाने ले आयी। उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली। माफी मांगते हुए भविष्य में इस तरह की टिप्पणी नहीं करने का आश्वासन दिया।

एसपी अजय लिंडा ने बताया कि युवक ने लिखित माफीनामा दिया है। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ