उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) में काम करने वाले चौकीदार के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति और कैश का मामला सामने आया है.
चौकीदार के पद पर तैनात नितिन राठी पर आरोप है कि उसने प्लॉट और फ्लैट आवंटन से जुड़े दस्तावेज में फर्जीवाड़ा कर करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है.
प्राधिकरण की जांच में दोषी पाए जाने के बाद करोड़ों का घोटाला करने वाले इस चौकीदार पर अब बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है. इसे विभाग की ओर से नोटिस जारी कर दिया गया है, जिसका 15 दिन में जवाब देना होगा.
प्राधिकरण में नितिन राठी की नौकरी उसके पिता उदयवीर की नौकरी के दौरान मृत्यु होने के बाद साल 2010 में अनुकंपा के आधार पर लगी थी. नितिन को सेक्टर-21A स्थित नोएडा स्टेडियम में खेल प्रकोष्ठ में तैनाती दी गई थी.
साल 2015 से पहले कैंसिल प्लॉट और लेफ्ट आउट फ्लैट के आवंटन के लिए प्राधिकरण ने आवासीय स्कीमें निकालीं. तमाम आवेदन पत्र भरने वालों से संपर्क ने पैसे लेकर आवंटन कराने की बात कही थी
इसके बाद ऐसे भी प्लाट या फ्लैट जिनका किसी न किसी कारण से आवंटन निरस्त हो जाता है, उनके फर्जी कागजात थमाकर राठी इन लोगों से रुपये ले लेता था और प्राधिकरण में भी किस्त के रूप में कुछ रकम जमा करा देता था.
चूंकि लोगों को आवंटन पत्र मिल जाता था और प्राधिकरण में पैसा भी जमा हो रहा था, इसलिए उन्हें खुद के ठगे जाने का शक भी नहीं हुआ.
जब रजिस्ट्री कराने का समय आया तो पूरे मामले की पोल खुली और हंगामा शुरू हुआ और प्राधिकरण अधिकारियों के पास शिकायत पहुंची. नोएडा अथॉरिटी ने पब्लिक नोटिस जारी कर शिकायतकर्ताओं को बुलाया गया.
प्राधिकरण की ओर से नितिन राठी के मामले पर पब्लिक नोटिस जारी किया गया था, जिसमें लोगों से अपील की गई थी कि यदि प्राधिकरण चौकीदार के खिलाफ किसी भी तरह की शिकायत है, तो अवगत कराएं.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.