राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा की एक सोसायटी में एक नाबालिग बेटी ने अपनी ही मां की तवा से मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात नोएडा के सेक्टर-77 स्थित अंतरिक्ष कैनवाल सोसायटी की है।
सोसायटी के एच ब्लॉक की 14वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में रविवार रात को एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे।
ऐसे में पुलिस शुरू से ही इस मामले में हत्या की आशंका जता रही थी। जांच में यह बात सामने आई कि महिला की हत्या उसकी नाबालिग बेटी ने की थी।
पुलिस ने मृतक महिला के भाई की शिकायत पर नाबालिग बेटी के खिलाफ धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मृतका की 14 वर्षीय बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है और हत्या में प्रयुक्त लोहे का तवा भी बरामद कर लिया गया है।
मृतक महिला का नाम अनुराधा है। वह मूल रूप से शाहदरा की रहने वाली थी। उसकी शादी 16 साल पहले हुई थी और शादी के 5 साल बाद ही वह अपने पति से अलग रहने लगी थी।
अनुराधा अपनी 14 साल की इकलौती बेटी के साथ फ्लैट में रहती थी, लेकिन मां और बेटी के सम्बंध तनावपूर्ण थे। पुलिस के मुताबिक कथित तौर पर उसकी मां उससे बदसलूकी भी करती थी जिससे वह परेशान रहती थी।
नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि महिला ने अपनी बेटी को बर्तन धुलने के लिए बोला था लेकिन बेटी ने बर्तन नहीं धोया तो मां ने उसे डांट दिया इससे आहत बेटी ने तवे से सिर पर वार कर बेरहमी से मां को मार डाला।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.